नीरज चोपड़ा से मिले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कहा आप देश की शान हैं
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि हरियाणा का लाल नीरज चोपड़ा देश का गौरव है। मुख्यमंत्री ने आज यहां अपने आवास पर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा से मुलाकात की और उन्हें देश का गौरव बताया। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री सरदार सन्दीप सिंह भी मौजूद रहे। खट्टर …
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि हरियाणा का लाल नीरज चोपड़ा देश का गौरव है। मुख्यमंत्री ने आज यहां अपने आवास पर ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा से मुलाकात की और उन्हें देश का गौरव बताया। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री सरदार सन्दीप सिंह भी मौजूद रहे।

खट्टर ने कहा कि नीरज चोपड़ा ने देश के साथ-साथ हरियाणा ही नहीं अपने गांव और परिवार का भी नाम रोशन किया है। नीरज की इस उपलब्धि में परिवार का बड़ा योगदान है। परिवार के योगदान की वजह ही नीरज ने देश का गौरव बढ़ाने का काम किया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने नीरज से लंबी बातचीत की और उनके अनुभवों के बारे में जाना। उनके कोच, भाला फेंक के राष्ट्रीय रिकॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड को लेकर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने नीरज चोपड़ा का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और नीरज को श्रीमद्भागवत गीता की प्रति भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने नीरज के साथ आए उनके चाचा भीम चोपड़ा को भी शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने मुख्यमंत्री को अपने गांव आने का न्यौता दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जल्द ही कार्यक्रम बनायेंगे।
इसके लिए खेल राज्यमंत्री सरदार सन्दीप सिंह कोऑर्डिनेट कर लेंगे। श्री खट्टर ने पत्रकारों से कहा कि हमारा लक्ष्य हरियाणा को खेलों का हब बनाना है। इसके लिए नीरज चोपड़ा जैसे होनहार खिलाड़ी युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का काम करेंगे ही। अन्य खिलाडिय़ों के गांव वालों से भी मिलना हुआ है और उन्होंने भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए अच्छे सुझाव दिए हैं।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में एथलेटिक्स के लिए स्थापित किये जा रहे उत्कृष्टता केंद्र खेलों के बढ़ावे के लिए कारगर साबित होगा। गोल्डन बॉय ने कहा कि गत 13 अगस्त को हरियाणा सरकार की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में बीमार होने के कारण नहीं पहुंच पाया था। उक्त कार्यक्रम में शामिल न हो पाने का मलाल है।
उन्होंने महिला हॉकी खिलाडिय़ों को विशेष तौर पर सम्मानित करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। नीरज ने कहा कि प्रधानमन्त्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात में केवल खेलों पर ही बात हुई। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद बेहद अच्छा लग रहा है। वे आने वाले समय में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान खेल एवं युवा मामले विभाग के प्रधान सचिव एके सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल, एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल, खेल विभाग के निदेशक पंकज नैन सहित खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
