यूपी: कल से तीन दिन तक स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ मनायेंगे कांग्रेसी
लखनऊ। कांग्रेस पार्टी की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाने के आहवान के तहत 19 अगस्त से 21 अगस्त तक पार्टी नेता और कार्यकर्ता प्रत्येक न्याय पंचायत की किसी एक ग्राम सभा में तीन दिन का प्रवास करेंगे। शहरों में यही प्रक्रिया वार्ड स्तर पर की …
लखनऊ। कांग्रेस पार्टी की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाने के आहवान के तहत 19 अगस्त से 21 अगस्त तक पार्टी नेता और कार्यकर्ता प्रत्येक न्याय पंचायत की किसी एक ग्राम सभा में तीन दिन का प्रवास करेंगे। शहरों में यही प्रक्रिया वार्ड स्तर पर की जायेगी। कांग्रेस के मीडिया कोआर्डीनेटर पवन श्रीवास्तव ने बताया कि न्याय पंचायत के कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन की जिम्मेदारी उसी न्याय पंचायत के अध्यक्ष की होगी।
प्रत्येक न्याय पंचायत अध्यक्ष को अपनी न्याय पंचायत में रहकर कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आने वाले कांग्रेस पार्टी के नेता कार्यकर्ता के साथ रहकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। शहरी क्षेत्रों के मामले में हर वार्ड के उपाध्यक्ष की अपने वार्ड में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी होगी। इस दौरान वार्ड अध्यक्ष चिन्हित किये गए किसी दूसरे वार्ड में तीन दिन के प्रवास पर रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, सभी फ्रंट संगठनों, विभागों,
प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व पदाधिकारी सम्मिलित होंगे।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष (उत्तरी) अजय श्रीवास्तव अज्जू और लखनऊ महानगर अध्यक्ष (दक्षिणी) दिलप्रीत सिंह डीपी ने संयुक्त रूप से बताया कि ‘जय भारत महासम्पर्क अभियान’ के अंतर्गत पहले दिन प्रत्येक वार्ड-न्याय पंचायत में आने वाले गांव-कॉलोनी के हर घर दस्तक देते हुए उनसे संवाद स्थापित किया जायेगा, दूसरे दिन प्रभात फेरी निकालते हुए राजीव गांधी सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा, जबकि तीसरे व अंतिम दिन प्रभात फेरी, श्रम दान, युवा संवाद कर संविधान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
