यूपी: मुख्यमंत्री योगी ने किया बड़ा ऐलान, एक करोड़ युवाओं को बांटेगे टैबलेट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के हित में बड़ी पहल करते हुए प्रतियोगी परीक्षा भत्ता की अभिनव घोषणा की है। इसकी साथ मुख्यमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/ स्मार्टफोन देने की घोषणा भी की है। राज्य सरकार युवाओं के लिए तीन हजार करोड़ का एक विशेष कोष …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के हित में बड़ी पहल करते हुए प्रतियोगी परीक्षा भत्ता की अभिनव घोषणा की है। इसकी साथ मुख्यमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/ स्मार्टफोन देने की घोषणा भी की है। राज्य सरकार युवाओं के लिए तीन हजार करोड़ का एक विशेष कोष तैयार करने जा रही है। इस कोष में कारपोरेट समूहों, विभिन्न वित्तीय संस्थाओं, विश्वविद्यालयों के योगदान भी होगा।
एक घंटे से कुछ अधिक समय तक सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कविता की पंक्तियां भी पढ़ीं। “नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है, समूचा जग युवा पीढ़ी तुम्हारे हाथ में है। प्रबल फौलाद सच मानो तुम्हारे गात में है, नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है। सफलता तो तुम्हारी बात में है जज्बात में है, नए युग का सृजन युवकों तुम्हारे हाथ में है।”
युवाओं को डिजिटल तकनीक में सक्षम बनाने का इरादा जताते हुए उन्होंने कहा कि स्नातक, परास्नातक, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा आदि पाठ्यक्रमों के एक करोड़ युवाओं को टैबलेट/स्मार्टफोन देने के साथ ही मुफ्त में डिजिटल एक्सेस भी मुहैया कराया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षा भत्ता की घोषणा करते हुए योगी ने कहा कि सरकार, प्रतियोगी परीक्षा के लिए जाने वाले हर युवा को तीन बार भत्ता देगी। यह फैसला विधायकों की भावनाओं, युवाओं की जरूरतों और अभिभावकों को बड़ी राहत देने वाला होगा।
अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए योगी ने वकीलों को सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाले डेढ़ लाख की राशि को बढ़ाकर पांच लाख करने की जानकारी भी दी, उन्होंने सदन को बताया कि सरकार निराश्रित हुई महिलाओं के लिए भी योजना लाने जा रही है। पूर्ववर्ती सरकारों के द्वारा संस्कृत की उपेक्षा की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से संस्कृत विद्यालयों के छात्रों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी तो इन विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पदों पर जल्द ही मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति करने जा रही है।
माफिया की जब्त जमीनों पर गरीबों के लिए बनेंगे आवास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में बजट को संबोधित करते हुए कहा कि माफिया से जब्त की गई जमीनों पर गरीबों के लिए आवास बनेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 1500 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त और ध्वस्त की। उन्होंने कहा कि माफिया ने जिन जमीनों पर कब्जा कर अपने हवेली खड़ी की थी, वहीं ध्वस्तीकरण कर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। वहां एक गरीब, एक दलित रहेगा। ये हमारा सामाजिक न्याय है। माफियाओं और अपराधियों को ढोकर हमारी सरकार नहीं चली और ना चलेगी।
योगी ने कहा कि माफिया को जो साथ लेकर जाएगा उसको मालूम है कि फिर उसके बाद पीछे-पीछे बुलडोजर भी घूमता हुआ जाएगा। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। हमारी सरकार में 1500 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त ही नहीं की गई बल्कि ध्वस्त की गई। अब राज्य की संपत्ति इन्हीं गरीबों की है और हम तो आवास योजना बना रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का मानना है कि समाज में सभी को कानूनी अधिकार मिला हुआ है। कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपने को कानून से ऊपर रखा हुआ है।
ऐसे लोगों की निगाह दूसरों की जमीन पर रहती थी, वह लोग मौका मिलते ही जमीन पर कब्जा कर लेते थे, लेकिन ऐसे लोगों की आदतों पर सरकार ने नकेल कसी है। अब सभी माफिया की जमीन हमने जब्त की है। इन जमीनों पर गरीबों और दलितों को बसाया जाएगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तालिबान समर्थकों पर निशाना साधा है। विधानसभा में बोलते हुए उन्होंने महिलाओं और बच्चों के साथ तालिबान की क्रूरता का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां महिलाओं और बच्चों के साथ क्या क्रूरता की जा रही है, वहां महिलाओं और बच्चों का कत्लेआम हो रहा है लेकिन कुछ लोग बेशर्मी से तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। इन सभी के चेहरे एक्सपोज किए जाने चाहिए।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा 28 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ डीए
राज्यकर्मियों के लिए प्रदेश सरकार ने घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 28 प्रतिशत बढ़ाने की सदन में घोषणा की। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि ये जुलाई 2021 से लागू होगा। इससे 28 लाख कर्मचारियों व पेंशनधारकों को 11 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 28 फीसदी मंहगाई भत्ते की सौगात मिली है। इससे पूर्व केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों का डीए 28 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया था।
अनुपूरक बजट पारित होने के बाद यूपी विधानसभा सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित
अनुपूरक बजट पारित होने के बाद विधानसभा का मानसून सत्र अपने निर्धारित समय से पहले गुरुवार को अनिश्चित कालीन के लिए स्थगित कर दिया है। विधानसभा मानसून सत्र तीन दिन चला। सत्र की शुरूआत 17 अगस्त से हुई थी और इसे 24 अगस्त तक चलना था। विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित ने इसे अनिश्चित कालीन के लिए स्थगित कर दिया है। सदन में तीन दिनों तक कार्य हुआ।
