यूपी: 30 हजार गांवों तक पहुंचे कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता, चौपाल लगाकर सुना लोगों का दर्द
लखनऊ। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर उतर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने आज जय भारत महासम्पर्क अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश के 30 हजार गांवों में पहुंचे और चौपाल लगाकर लोगों का दर्द सुना। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया …
लखनऊ। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर उतर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने आज जय भारत महासम्पर्क अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश के 30 हजार गांवों में पहुंचे और चौपाल लगाकर लोगों का दर्द सुना। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि अभियान के पहले दिन कांग्रेस के नेताओं ने गांवों-वार्डों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के स्वतंत्रता संग्राम संदेश की चिट्ठी लोगों को वितरित की। अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गोरखपुर के खोराबार ब्लाक के ग्राम पंचायत लालपुर टीकर में पहुंचकर चौपाल लगाई, उन्होंने वहां के प्रधान व लोगों से मुलाकात की। चौपाल में लोगों ने बाढ़, छुट्टा जानवरों और सरकार की अनदेखी का दर्द बयां किया।
गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं आते मुख्यमंत्री-लल्लू
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्री लल्लू ने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ गोरखपुर शहर तो आते हैं लेकिन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कभी नहीं आते। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक बाढ़ से परेशान हैं। चार वर्षो में कई बार बाढ़ आई लेकिन एक बार भी मुआवजा नहीं मिला, लोग छुट्टा जानवरों से अपनी फसल बचाने के लिए रात-रात पहरा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री के गृह जनपद जहां की जनता ने उन्हें 5 बार सांसद बनाया और अब मुख्यमंत्री हैं, लेकिन जब जिले के ही लोग परेशान हैं तो इसी से पूरे प्रदेशवासियों के दर्द को समझा जा सकता है। उनके गृह जनपद में धान और गेहूँ खरीद केन्द्रों पर खरीद नहीं हुई है। महंगाई से लोगों की कमर टूट चुकी है और विकास के नाम पर गांव-गांव पानी ही पानी नजर आ रहा है। जनता अब इस सरकार और मुख्यमंत्री से ऊब चुकी है, 2022 में पीड़ित हो चुकी जनता इस सरकार को सत्ता से बेदखल करेगी।
पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रतापगढ़ के विधानसभा संग्रामगढ़ की न्याय पंचायत संग्रामगढ़ में चौपाल लगाकर ग्रामवासियों से संवाद किया और लोगों की समस्याओं को सुना। कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने प्रतापगढ़ की विधानसभा बाबागंज के अन्तर्गत न्याय पंचायत संग्रामगढ़ में चौपाल की। कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह ने राजधानी के विमल नगर स्थित बजरंग बली चौराहा पर चौपाल की। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन पूर्वमंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बांदा के ग्राम तिन्दवारा में चौपाल लगायी और किसानों, प्रधान, बी.डी.सी. व अन्य ग्रामवासियों के साथ संवाद किया।
