लखीमपुर खीरी: घर से बुलाकर ले गए और कर दी युवक की हत्या, 5 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गोलागोकर्णनाथ, अमृत विचार। हैदराबाद थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में एक युवक को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। सुंदरपुर निवासी रामपाल ने बताया कि 18 अगस्त …
गोलागोकर्णनाथ, अमृत विचार। हैदराबाद थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में एक युवक को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
सुंदरपुर निवासी रामपाल ने बताया कि 18 अगस्त की रात को कुछ लोग उसके 18 वर्षीय बेटे मंगल सिंह को कठिना नदी के चलतुआ घाट की ओर बुला ले गए जहां उसकी धारदार औजार से हत्या कर दी।
इस दौरान मंगल सिंह ने अपने मित्र गांव के ही निवासी अमित को फोन किया था। रात में ही अमित ने घर आकर परिवार वालों को जानकारी दी। परिवार वाले चलतुआ घाट पहुंचे तो मंगल सिंह का शव देख कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर धारदार औजार के कई वार किए गए थे। पुलिस ने शव रात में ही सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। सीओ मोहम्मदी राजेश कुमार और एसपी विजय ढुल ने भी मौका मुआयना किया है।
थाना हैदाराबाद प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता रामपाल की तहरीर पर चार पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर अमित समेत कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा।
पिता रामपाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ हो रही है। शीघ्र खुलासा करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। -विजय ढुल एसपी लखीमपुर खीरी
