बरेली: कक्षाओं में उपस्थिति का देना होगा रिकार्ड
बरेली, अमृत विचार। शासन ने 16 अगस्त से स्नातक व परास्नातक द्वितीय की कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय परिसर और महाविद्यालयों में पूर्ण रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी हैं। कुलसचिव ने भी 13 अगस्त को महाविद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। कक्षाएं संचालित …
बरेली, अमृत विचार। शासन ने 16 अगस्त से स्नातक व परास्नातक द्वितीय की कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय परिसर और महाविद्यालयों में पूर्ण रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी हैं। कुलसचिव ने भी 13 अगस्त को महाविद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। कक्षाएं संचालित हो रही हैं या नहीं अब शासन ने इसकी निगरानी शुरू कर दी है। संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा ने कुलसचिव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी और सभी प्राचार्यों से कक्षाओं में उपस्थित छात्रों की सूचना मांगी है। सभी को आगामी 20 दिनों तक छात्रों की उपस्थिति की रिपोर्ट देनी होगी। यह सूचना शासन को भी भेजी जाएगी।
कोरोना महामारी के चलते विश्वविद्यालय परिसर व महाविद्यालयों में कक्षाएं संचालित नहीं हो रही थीं। महाविद्यालयों में सिर्फ परीक्षाओं के लिए ही छात्रों को बुलाया जा रहा था। हालात ठीक होने पर शासन ने स्कूल व महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया। इसके तहत विश्वविद्यालय परिसर और महाविद्यालयों में 16 अगस्त से स्नातक व परास्नातक द्वितीय वर्ष, 1 सितंबर से स्नातक प्रथम वर्ष, 6 सितंबर से स्नातक तृतीय वर्ष और 13 सितंबर से परास्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं संचालित होनी हैं।
शासन के निर्देशों के तहत विश्वविद्यालय ने भी विश्वविद्यालय परिसर व महविद्यालयों में कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए थे। विश्वविद्यालय परिसर में तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं और महाविद्यालयों में द्वितीय वर्ष की कक्षाएं संचालित होंगी लेकिन परीक्षा और प्रयोगात्मक परीक्षा के चलते महाविद्यालयों में कक्षाएं संचालित नहीं हो सकी हैं।
अभी परास्नातक की लिखित व मौखिक परीक्षाएं समाप्त हुई हैं। स्नातक की अंतिम लिखित परीक्षा 23 अगस्त और प्रयोगात्मक परीक्षाएं 19 से 28 अगस्त तक होंगी। ऐसे में शिक्षक परीक्षाओं में व्यस्त हैं। अब शासन से रिपोर्ट मांगने के बाद रोजाना उपस्थिति का रिकार्ड भेजना मुश्किल होगा। महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विश्वविद्यालय परिसर के विभागाध्यक्षों को दोपहर 2 बजे तक क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को देनी होगी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी दोपहर 4 बजे तक सूचना उच्च शिक्षा निदेशक कार्यालय में मेल पर देंगी।
तृतीय सेमेस्टर की संचालित होंगी कक्षाएं
निर्देशों के तहत अब विश्वविद्यालय परिसर में पादप विज्ञान और माइक्रोबॉयोलॉजी के तृतीय सेमेस्टर के छात्रों की कक्षाएं 23 अगस्त से शुरू होंगी। चीफ प्रॉक्टर जेएन मौर्य ने बताया कि द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं हो गई हैं। प्रथम सेमेस्टर में अभी प्रवेश होने बाकी हैं। ऐसे में तृतीय सेमेस्टर की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। जल्द ही विश्वविद्यालय परिसर में अन्य पाठ्यक्रमों की कक्षाएं भी संचालित हो जाएंगी।
