कुशीनगर: कैबिनेट मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत के बाद भिड़े भाजपा कार्यकर्ता, चले ईंट-पत्थर
कुशीनगर। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के स्वागत के दौरान शनिवार को पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत के बाद पार्टी के दो गुट आपस में ही भिड़ गये। जहां जमकर ईंट पत्थर भी चलाये गये। जिसमें एक गुट के समर्थक …
कुशीनगर। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के स्वागत के दौरान शनिवार को पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत के बाद पार्टी के दो गुट आपस में ही भिड़ गये। जहां जमकर ईंट पत्थर भी चलाये गये। जिसमें एक गुट के समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे अहिरौली, कसया थानों की फोर्स ने स्थिति को संभाला।
भाजपा नेता अभय प्रताप राव ने पुलिस को तहरीर सौंपकर हाटा विधायक के समर्थकों पर विवाद कराने का आरोप लगाया है। शनिवार की दोपहर हाटा नगर में कैविनेट मंत्री अनिल राजभर व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह का कार्यक्रम था। नगर के हरिटोला वार्ड में भाजपा नेता अभय प्रताप राव के आवास पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का स्वागत कार्यक्रम के साथ ही भैंसही में भी था। कुछ ही देर बाद प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह का काफिला पहुंचा तो दर्जनों भाजपा कार्यकताों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत नगर के कप्तानगंज तिराहे पर किया। काफिला आगे बढ़ा तो सड़क के किनारे अपने आवास पर दर्जनों समर्थकों के साथ अभय प्रताप राव ने उनका स्वागत किया। तभी एक दूसरे गुट के समर्थकों ने हुटिंग शुरू कर दी। जिससे दोनों गुटों में कहा सुनी होने लगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष के चले जाने के बाद एक गुट के दर्जनों युवक अभय राव के आवास के सामने पहुंचकर नारे बाजी करने लगे। जहां ईंट पत्थर चलने के दौरान अभय राव के समर्थक अखिल मालवीय को चोटें आईं। घटना के बाद अभय राव व उनके समर्थक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के मांग को लेकर हाइवे जाम कर दिया। जिसके कारण हाइवे का दोनो लेन लगभग 45 मिनट तक जाम रहा।
उपजिलाधिकारी प्रमोद तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी पियुष कांत राय, हाटा, कसया व अहिरौली थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच स्थिति संभाली। प्रशासनिक अधिकारियों के काफी मान मनौव्वल के बाद जाम हटवाया। अभय प्रताप राव ने पुलिस को तहरीर सौंपकर विधायक पवन केडिया के समर्थक बंडिल तिवारी पर विवाद करने का आरोप लगाया है। विधायक पवन केडिया ने कहा कि अभय राव के कुछ समर्थकों ने नशे में होकर माहौल बिगाड़ा। पुलिस क्षेत्राधिकारी पियुष कांत राय ने कहा कि अभी तक सिर्फ अभय राव के तरफ से तहरीर पड़ी है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
