लखीमपुर-खीरी: महिला की मौत, परिवार वालों ने किया एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। ईसानगर इलाके के एक गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके से पहुंचे मृतका के भाई ने पति समेत घर के अन्य लोगों पर उसकी बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की जिससे नाराज …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। ईसानगर इलाके के एक गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके से पहुंचे मृतका के भाई ने पति समेत घर के अन्य लोगों पर उसकी बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की जिससे नाराज परिजनों ने एसपी कार्यालय पर शव रखकर ईसानगर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया व आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हो पाया।

थाना ईसानगर के गांव मिर्जापुर में मैनुद्दीन की पत्नी रुखसार (30) वर्ष की रविवार को देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर मे ही मौत हो गई। मृतका रुखसार का शव ससुराल पक्ष के लोगों ने रात में ही दफन करने का प्लान बनाया लेकिन मायके वालों को खबर लग गई और वे पुलिस लेकर पहुंच गए। मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष वालों ने आरोपियों पर कार्रवाई होती न देखकर शव पोस्टमार्टम के बाद एसपी कार्यालय के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतका रुखसार का फाइल फोटो।

थाना फूलबेहड़ के गांव अंदेशनगर निवासी मृतका रुखसार के भाई इकबाल ने बताया कि रुखसार की शादी दस साल पहले गांव मिर्जापुर निवासी मैनुद्दीन पुत्र मैकू अली के साथ हुई थी। कुछ दिन पूर्व बहनोई मैनुद्दीन के उसकी भाभी से अनैतिक संबंध बन गए। रुखसार ने विरोध किया तो ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले उसे धमकाया फिर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई दिनों तक ससुराल वाले उसे भूखा रखते थे।

एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में इकबाल ने आरोप लगाया कि घर मे हो रहे अनैतिक कार्य का जिक्र किसी से करने पर उसे जान से मार देने की धमकी भी दी जाती थी। रविवार को रुखसार को मार कर लटका दिया गया। आरोप है कि प्रार्थना पत्र लेने के बाद भी ईसानगर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नही की। इंस्पेक्टर सदर प्रभातेश श्रीवास्तव के हस्तक्षेप के बाद नाराज परिवार वाले शांत हुए। इंस्पेक्टर ईसानगर संजय त्यागी ने बताया कि पीड़ित की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार