मुरादाबाद: एक ही रात में 11 घरों के ताले तोड़े, 15 लाख रुपये का माल समेटा
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार रात जिले में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। एक ही रात में दो थानाक्षेत्रों में 11 घरों से चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान समेत करीब 15 लाख रुपये का माल समेट लिया। घटना के समय सभी परिवार घरों में ताले लगाकर रक्षाबंधन मनाने के लिए ससुराल व …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार रात जिले में चोरों ने जमकर आतंक मचाया। एक ही रात में दो थानाक्षेत्रों में 11 घरों से चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान समेत करीब 15 लाख रुपये का माल समेट लिया। घटना के समय सभी परिवार घरों में ताले लगाकर रक्षाबंधन मनाने के लिए ससुराल व अन्य रिश्तेदारों के पास गए हुए थे। सोमवार को लौटे तो घर की हालत देख सन्न रह गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
नया गांव उर्फ आफत नगरी में रविवार रात नौ घरों को निशाना बना डाला, यहां रहने वाले फर्म कर्मी पवन कुमार पत्नी रूपा देवी और बच्चों के साथ नगीना स्थित ससुराल गए थे। सोमवार को वापस आए तो घर के मुख्य दरवाजे का कुंडा टूटा पड़ा था। घर का सारा सामान तितर-बितर था। चोर उनके घर से तीन तोला सोने के जेवर, 30 हजार की नकदी और एक किलोग्राम चांदी तथा बर्तन समेट कर ले गए।
इसी तरह चोरों ने ड्राइव इन 24 होटल में कैटरिंग का काम करने वाले सुनील कुमार के घर को भी निशाना बना डाला। सुनील पत्नी राधा के साथ रक्षाबंधन मनाने चंदौसी अपनी ससुराल गया था। सोमवार सुबह आया तो दरवाजा टूटा था। अंदर रखे एक लाख 32 हजार रुपये और तीन तोले सोने के जेवर गायब थे। फर्म कर्मी रोहताश भी पत्नी मोनिका व बच्चों के साथ राखी बांधने गुमसानी स्थित ससुराल गया था।
रात में किसी समय चोरों ने उसके घर में भी झाड़ू लगा दी। चोर उसके घर से 12 हजार रुपये और डेढ़ तोले सोने के जेवर समेट कर ले गए। यहीं रहने वाले आकाश पीतल फर्म में ठेकेदारी करते हैं। घर में ताले डालकर पत्नी राधा के साथ वह कुआंखेड़ा स्थित ससुराल गए थे। सोमवार को वापस आए तो घर में रखे 40 हजार रुपये गायब थे। ताले तोड़कर उनके घर में घुसे चोर नकदी समेट कर ले गए।
इसी मोहल्ले में रहने वाले विपिन कुमार भी रक्षाबंधन पर पत्नी शीनू और बच्चों के साथ बहजोई के पाठकपुर गांव स्थित ससुराल गए थे। रात में किसी समय घर में घुसे चोर तीन तोले सोने के जेवर, 30 हजार की नकदी समेट कर ले गए। सोमवार सुबह दस बजे वापस आने पर उन्हें घटना का पता चला। फर्म कर्मी नेत्रराम भी रविवार सुबह घर में ताले लगाकर पत्नी दुलारी और बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने के लिए ससुराल गए थे।
सोमवार सुबह वापस लौटे तो घर के ताले टूटे देख सन्न रह गए। चोर उनके घर से भी 25 हजार रुपये और एक तोला सोने के जेवर समेट कर ले गए। इसके अलावा आफत नगरी में रहने वाले तीन किराएदारों के घरों को भी चोरों ने निशाना बनाया। तीनों पीड़ित सोमवार को भी वापस नहीं आए थे। उनके आने के बाद ही चोरी गए माल की जानकारी मिल सकेगी। एक ही रात में मोहल्ले के नौ घरों में चोरी से हड़कंप मच गया।
महिलाएं रोने-बिलखने लगीं। सूचना पाकर एक पुलिस कर्मी होमगार्ड के साथ मौके पर पहुंचा और पीड़ित परिवारों से जानकारी ली। इंस्पेक्टर मझोला अशोक कुमार ने मौके पर जाना तो दूर अपने आला अफसरों को भी घटना की जानकारी देना उचित नहीं समझा। दोपहर करीब ढाई बजे सीओ सिविल लाइंस इंदु सिद्धार्थ से घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस तरह की किसी घटना की जानकारी होने से ही इन्कार कर दिया। इंस्पेक्टर अशोक कुमार का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
कटघर के गांगन तिराहे पर भी दो घरों में चोरी
चोरों ने रविवार की रात कटघर कोतवाली क्षेत्र के गांगन तिराहे पर रहने वाले चचेरे-तहेरे भाइयों के घरों में चोरी की घटना को अंजाम दे डाला। यहां रहने वाले लोकेश राजपूत भी रक्षाबंधन पर पत्नी-बच्चों के साथ ससुराल गए थे। सोमवार को वापस आए तो घर के ताले टूटे पड़े थे। चोर उनके घर में रखी तीन जोड़ी चांदी की पायल, सोने की दो अंगूठी और दो जोड़ी दुरिया समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल समेट कर ले गए। चोरों ने उनके तहेरे भाई के घर के भी ताले तोड़ डाले और नकदी, जेवर समेत लाखों का माल समेट कर ले गए। इंस्पेक्टर कटघर गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों ने तहरीर दे दी है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पाकबड़ा में शराब की दुकान में चोरी
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव गुरैठा स्थित देसी शराब की दुकान की पिछली दीवार काटकर चोर लाखों की शराब चुराकर ले गए। सेल्समैन की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। इसमें शराब की 18 पेटियां चुराने की बात कही गई है। चोरी की गई शराब की कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इंस्पेक्टर पाकबड़ा योगेंद्र कृष्ण यादव ने बताया कि सेल्समैन विकास शर्मा की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
