अमरोहा: छात्रों के दो गुटों मारपीट,आसपास के लोगों में मची भगदड़
अमरोहा, अमृत विचार। आपस में किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई और चाकू भी चले। जिसमें दो छात्र घायल हो गए। चाकू चलते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों …
अमरोहा, अमृत विचार। आपस में किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई और चाकू भी चले। जिसमें दो छात्र घायल हो गए। चाकू चलते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नल चौराहे पर मंगलवार दोपहर में करीब ढाई बजे छात्रों के दो गुट एकत्र हुए। किसी बात को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक छात्र ने चाकू भी निकाल लिया। इससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।
स्थानीय दुकानदारों ने समझाने का प्रयास किया। बावजूद इसके छात्र एक-दूसरे पर हमला करते रहे। घटना में मोहल्ला पचदरा निवासी अब्दुल्ला के पेट में चाकू लग गया। जबकि हाथ में चाकू लगने से हमजा भी घायल हो गया। बवाल की सूचना मिलते ही कोर्ट चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और बिगड़ते हालातों को संभाला।
चाकूबाजी में लहूलुहान दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से अब्दुल्ला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
छात्रों के गुटों में झगड़ा हो गया था। अभी तक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की तहरीर मिल गई है।
आरपी शर्मा, कोतवाली निरीक्षक
