बरेली: ट्रैफिक नियंत्रण करने के साथ इंसानियत का भी पाठ पढ़ा रहे कमलेश
आसिफ अंसारी, बरेली। अक्सर ट्रैफिक पुलिस पर ड्यूटी से गायब रहने, अवैध वसूली करने और बिना वजह वाहन चालकों को परेशान कर चालान काटने के आरोप लगते हैं। इससे पुलिस की छवि खराब होती है लेकिन ट्रैफिक पुलिस के एक दरोगा ने इंसानियत दिखाकर सभी को सीख देने का काम किया है। दरोगा ने जाम …
आसिफ अंसारी, बरेली। अक्सर ट्रैफिक पुलिस पर ड्यूटी से गायब रहने, अवैध वसूली करने और बिना वजह वाहन चालकों को परेशान कर चालान काटने के आरोप लगते हैं। इससे पुलिस की छवि खराब होती है लेकिन ट्रैफिक पुलिस के एक दरोगा ने इंसानियत दिखाकर सभी को सीख देने का काम किया है। दरोगा ने जाम में फंसे एक दिव्यांग को उसकी व्हीलचेयर खींचकर डेढ़ किलोमीटर का सफर तय कराया। दरोगा के इस काम की हर तरफ सराहना हो रही है।
सोमवार को चौपुला पुल के पास गन्ना मिल से एक दिव्यांग युवक व्हीलचेयर से पुल पार करने की कोशिश कर रहा था। मगर पुल पर जाम अधिक होने की वजह से उसको चढ़ने में दिक्कत हो रही थी। ट्रैफिक पुलिस के दरोगा कमलेश ठाकुर की नजर व्हीलचेयर सवार दिव्यांग युवक पर पड़ी। दिव्यांग पर नजर पड़ते ही दरोगा उसके पास पहुंचे।
पूछने पर दिव्यांग ने बताया कि उसे वृंदावन जाना है लेकिन जाम अधिक होने से उसे पुल पार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उसके बाद दरोगा ने दिव्यांग युवक की व्हीलचेयर पकड़कर खुद ही डेढ़ किलोमीटर के पुल का रास्ता पार कराया। पुल पार कराने के बाद अन्य साथियों की मदद से उसे बस पकड़ने के लिए पुराना रोडवेज बस अड्डे पर छुडवाया। जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस की हर तरफ सराहना की जा रही है।
हादसे के बाद युवक को कराया भर्ती
अपने नेक काम के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले ट्रैफिक दरोगा कमलेश ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को वह महेशपुरा रेलवे क्रासिंग पर तैनात थे। जिसके बाद दोपहर के समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक दिव्यांग को टक्कर मार दी। जिसके बाद दिव्यांग युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होने एंबुलेंस बुलाकर घायल दिव्यांग युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
पहले भी बचा चुके हैं लोगों की जान
कमलेश पहले भी कई हादसों में लोगों की जान बचा चुके हैं। चौकी चौराहा पर 18 जनवरी 2021 को भूमिगत ट्रंक सीवर लाइन बिछाने के लिए हो रही खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने के कारण कई मजूदर उसमे धंस गए थे। मजदूर के अंदर फंसने के बाद टीएसआई कमलेश ठाकुर ने मजदूर के बाल पकड़कर उसे बाहर निकाला था। टीएसआई कमलेश ठाकुर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में एसडीआरएफ का कोर्स किया था। वह वर्ष 2019 में आगरा में बाढ़ में फंसे नौ लोगों की भी जान बचा चुके हैं।
यह भी पढ़ें-
बरेली: विश्व युद्ध में शहीदों के पेंशनधारी आश्रितों को मिल सकती है राहत
