बरेली: चार साल से घर पर था लापता युवक, GRP तलाशती रही, परिजनों ने लिखाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन पर एक अजीब मामला सामने आया। बरेली जंक्शन से चार साल पहले लापता हुए नदीम नाम के जिस युवक को जीआरपी तलाश रही थी, वो अपने घर पर ही रह रहा था। हैरत की बात यह है कि जब चार साल बाद जीआरपी को सूचना मिली तो …
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन पर एक अजीब मामला सामने आया। बरेली जंक्शन से चार साल पहले लापता हुए नदीम नाम के जिस युवक को जीआरपी तलाश रही थी, वो अपने घर पर ही रह रहा था। हैरत की बात यह है कि जब चार साल बाद जीआरपी को सूचना मिली तो टीम उसके घर पहुंची। परिजनों ने बताया कि नदीम तो रिपोर्ट दर्ज कराने के कुछ दिन बाद ही घर आ गया था।
हज के लिए जा रहा था युवक, जंक्शन पर हुआ जहरखुरानी का शिकार
दरअसल, मूल रूप से सिरौली का रहने वाला 25 वर्षीय नदीम टाइल्स पत्थर का काम करता है। वर्ष 2016 में नदीम हज जाने के लिए बरेली जंक्शन पहुंचा। मगर ट्रेन में बैठने से पहले ही वह जहर खुरानियों का शिकार हो गया। परिजनों को जब नदीम के बारे में कोई सूचना नहीं मिली तो उन्होंने उसे तलाशना शुरू कर दिया, रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों तक सभी जगहों पर पूछताछ की मगर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बरेली जंक्शन जीआरपी में नदीम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तब से जीआरपी नदीम की तलाशी कर रही थी।
चंदौसी के पास बेशुद अवस्था में मिला था नदीम
नंदीम के दोस्त अफसार ने बताया कि नदीम के गुम होने के करीब तीन-चार दिनों बाद कुछ रिश्तेदारों को नदीम चंदौसी स्टेशन के आस-पास मिला था। उस समय यह बेशुद अवस्था में था। जहरखुरानियों ने इसका सभी कुछ लूट लिया था। बरेली में रहने वाले रिश्तेदार उसे लेकर घर पहुंचे। इलाज के करीब सात दिनों बाद वह घर पहुंचा। मगर किसी ने भी जीआरपी को यह सूचना नहीं दी कि नदीम घर वापस आ गया है।
दो से तीन लोगों को सौंप दी गई जांच
जीआरपी इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि चार पहले नदीम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके बाद जीआरपी ने उसकी तलाशी के लिए दो से तीन इंस्पेक्टरों को बदल दिया। मगर नदीम का कोई सुराग नहीं मिला। हाल ही में एसआई उदयवीर सिंह को इसकी जांच सौंपी गई। उन्होंने नदीम की तलाशी शुरू की तो पता चला कि वह अपने घर पर रह रहा है। इसके बाद उन्होंने नदीम को घर से लाकर इंस्पेक्टर के सामने पेश किया।
