बदायूं में ट्रक ने टेंपो को रौंदा, छह की मौत
कुंवरगांव (बदायूं), अमृत विचार। बदायूं में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। थाना कुंवरगांव क्षेत्र में ट्रक और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक परिवार के तीन लोगों सहित छह की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। मृतकों में बरेली की मां-बेटी भी है। टेंपो को टक्कर मारने के बाद ट्रक भी …
कुंवरगांव (बदायूं), अमृत विचार। बदायूं में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। थाना कुंवरगांव क्षेत्र में ट्रक और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक परिवार के तीन लोगों सहित छह की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। मृतकों में बरेली की मां-बेटी भी है। टेंपो को टक्कर मारने के बाद ट्रक भी पलट गया। दुर्घटना स्थल पर काफी भीड़ जुट गई। तीन थानों की पुलिस भी पहुंच गई और लोगों को शांत किया।
बुधवार को दोपहर लगभग तीन बजे कोयला भरा एक ट्रक बदायूं से आंवला की ओर जा रहा था। गांव ललेई के पास आंवला की ओर से आ रहे सवारियां से भरे टेंपो से ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर भी इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो को टक्कर मारने के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
चीखपुकार सुनकर आसपास गांवों के लोग पहुंच गए और घायलों को टेंपो से निकाला। तब तक कस्बा कुंवरगांव निवासी मुरारी (35) पुत्र रामप्रसाद, गांव हुसैनपुर निवासी मुनीश (27) पुत्र हीरालाल, गांव बनेई निवासी टेंपो चालक बूंदी (30) पुत्र बफाती, कुंवरगांव निवासी प्रेमलता (55) पत्नी होरीलाल, बरेली के मोहल्ला नकटिया निवासी सपना (28) पत्नी गजेंद्र सिंह, काव्या (5) पुत्री गजेंद्र सिंह की मौत हो गई जबकि गांव इमलिया निवासी मुकेश पुत्र श्रीपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
सड़क दुर्घटना के बाद तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने छह लोगों की मौत की पुष्टि कर दी। घायल को अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने जिला अस्पताल जाकर परिजनों को सांत्वना दी।
