बरेली: कोरोना में अपनों को खोने वाले परिवारों की कर माफी संभव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवाने वालों के परिजनों को राहत देने पर विचार करेगा। 28 अगस्त को प्रस्तावित बोर्ड की बैठक में इस महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके लिए भाजपा पार्षदों ने कोरोना से दिवंगत हुए लोगों के लिए कर माफी और अन्य लोगों के …

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवाने वालों के परिजनों को राहत देने पर विचार करेगा। 28 अगस्त को प्रस्तावित बोर्ड की बैठक में इस महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके लिए भाजपा पार्षदों ने कोरोना से दिवंगत हुए लोगों के लिए कर माफी और अन्य लोगों के लिए टैक्स के ब्याज में छूट देने के प्रस्ताव लगाए हैं। जनहित के इन प्रस्तावों पर बोर्ड से स्वीकृति मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।

नगर निगम सीमा में करीब डेढ़ लाख करदाता हैं। इनसे नगर निगम संपत्ति कर के रूप में हाउस, वाटर और सीवर टैक्स वसूल करता है। पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण के कारण तमाम लोग टैक्स देने में भी असमर्थ हैं। ऐसे में उनके टैक्स पर ब्याज में ब्याज लग रहा है। इससे लोग परेशान हैं।

28 अगस्त को नगर निगम बोर्ड की बैठक होनी है। जिसमें इसी बात का हवाला देते हुए पार्षदों ने टैक्स और ब्याज माफी के लिए प्रस्ताव लगाए हैं। सदन में चर्चा के बाद उन पर मुहर लग सकती है। अधिकारियों का कहना है कि यह मुद्दा बहुत संवेदनशील है इसलिए बोर्ड के भी इसे लेकर मानवीय पहलुओं पर गंभीरता से विचार करने की संभावना है। बार्ड के इस प्रस्ताव पर मुहर लगते ही सैकड़ों परिवारों को राहत मिल सकेगी।

वार्ड 44 मलूकपुर के भाजपा पार्षद राजकुमार गुप्ता ने बताया है कि कोरोना काल के चलते जिन परिवार में संक्रमण से किसी का निधन हुआ है, उसके मकान का वर्ष 2020 और 2021 का गृह कर मानवता के आधार पर माफ किए जाने का प्रस्ताव लगाया है। इसी तरह पार्षद कपिलकांत का कहना है कि कोविड काल में जनता को आर्थिक संकट से गुजरना पड़ा है।

इस संबंध में शहर विधायक डा. अरुण कुमार के प्रार्थना पत्र पर सांसद संतोष गंगवार व महापौर के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त को बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लगाने का निर्देश दिया था। इसमें शहर की जनता को टैक्स बिलों पर ब्याज पर ब्याज लगाने पर तुरंत रोक लगाने को कहा गया था।

संबंधित समाचार