बरेली: हवाला के विदेशी गैंग का अफ्रीकी नागरिक फरीदपुर में गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। हवाला कारोबार को लेकर बदायूं जनपद सालों से बदनाम है। अब इसमें फरीदपुर भी जुड़ गया है। फरीदपुर के कई लोग हवाला कारोबार से जुड़कर करोड़ों रुपये इधर-उधर कर रहे हैं। अफ्रीका समेत अन्य देशों से लोगों के खाते में करोड़ों रुपये आ रहे हैं। बुधवार की शाम को हवाला कारोबार के …

बरेली, अमृत विचार। हवाला कारोबार को लेकर बदायूं जनपद सालों से बदनाम है। अब इसमें फरीदपुर भी जुड़ गया है। फरीदपुर के कई लोग हवाला कारोबार से जुड़कर करोड़ों रुपये इधर-उधर कर रहे हैं। अफ्रीका समेत अन्य देशों से लोगों के खाते में करोड़ों रुपये आ रहे हैं। बुधवार की शाम को हवाला कारोबार के विदेशी गैंग से जुड़े अफ्रीकी नागरिक को फरीदुपर पुलिस ने भूरे खां की गौटिया से हिरासत में ले लिया। उसका बीजा, पोसपोर्ट समेत अन्य कागजात जब्त कर लिये हैं।

विदेशी हिंदी में नहीं सिर्फ अंग्रेजी में बात करता है। किसी तरह अंग्रेजी बोलने वाले पुलिस कर्मी की मदद से विदेशी से पूछताछ शुरू की गयी। विदेशी नागरिक के पकड़े जाने के बाद बरेली से लेकर लखनऊ और दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गयी। इंटेलीजेंस, एलआईयू, आईबी समेत अन्य एजेंसियों ने अफ्रीकी नागरिक से पूछताछ शुरू कर दी।

फरीदपुर कोतवाली में उसे रखा गया है। देर रात एसपी क्राइम सुशील कुमार ने पूछताछ की। पुलिस बताती है कि अफ्रीकी नागरिक ने भूरे खां की गौटिया के रहने वाले मेहंदी एवं अरबाज के खातों में करोड़ों रुपया ट्रांसफर किया था। यह रकम किन्हीं अन्य खातों में ट्रांसफर होनी थी लेकिन बड़ी रकम देखकर दोनों आरोपियों का ईमान डगमगाया और रकम हड़प कर ली।

हवाला कारोबार के विदेशी गैंग के संपर्क में दोनों नहीं आए तब गैंग ने अफ्रीका युवक को भेजा। वह पहले दिल्ली में कई दिन तक रुका। वहां हवाला कारोबारियों से मेहंदी व अरबाज के बारे में जानकारी जुटायी। इसके बाद सुबह ही विदेशी युवक दोनों आरोपियों के फोटो लेकर फरीदपुर पहुंचा।

अफ्रीकी युवक आरोपी मेहंदी के घर पहुंच गया। उस वक्त मेहंदी चारपाई पर सो रहा था। फोटो देखकर विदेशी ने पहचान कर अंग्रेजी भाषा में इशारे करते हुए मेहंदी से रकम लौटाने के लिए कहा। इस दौरान विदेशी ने हंगामा किया। इस बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले मेहंदी भाग निकला और विदेशी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देर रात तक पूछताछ जारी थी।

संबंधित समाचार