बरेली कॉलेज के शिक्षकों से ठगी का प्रयास
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के कई शिक्षकों के साथ साइबर ठगों ने एक साथ ठगी का प्रयास किया। साइबर ठग ने शिक्षकों को बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर जानकारी मांगी। सभी शिक्षकों का परिसर में ही बने बैंक में सैलरी अकाउंट है। इसके चलते शिक्षक तुरंत बैंक पहुंचे तो उन्हें …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के कई शिक्षकों के साथ साइबर ठगों ने एक साथ ठगी का प्रयास किया। साइबर ठग ने शिक्षकों को बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर जानकारी मांगी। सभी शिक्षकों का परिसर में ही बने बैंक में सैलरी अकाउंट है। इसके चलते शिक्षक तुरंत बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि ठग ने काल की है। ठग ने वरिष्ठ शिक्षकों के नाम लेकर भी जाल में फंसाने का प्रयास किया।
बरेली कॉलेज के वनस्पति विज्ञान के सहायक प्रोफेसर डा. राजीव कुमार ने बताया कि 24 अगस्त को उनके पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह बैंक मैनेजर बोल रहा है। उसने कहा कि उनका खाते में केवाईसी अपडेट करने के लिए कई मेल किए, जिसका अभी तक जवाब नहीं दिया है। आज अंतिम दिन है, तुरंत बैंक की डिटेल मोबाइल पर उपलब्ध करा दें। इस पर उन्होंने बैंक मैनेजर का नाम लिया तो उसने अपना नाम भी वही बता दिया। उसके बाद उन्होंने बैंक मैनेजर के निजी नंबर पर फोन किया तो मैनेजर में किसी तरह के फोन से इंकार किया।
उन्होंने बताया कि इसी तरह से उनके विभाग के शिक्षक नीरज के पास फोन आया। नीरज से कहा कि उनके वरिष्ठ शिक्षक आलोक खरे बैंक में हैं और जानकारी अपडेट करा रहे हैं। इस पर वह तुरंत बैंक गए तो पता चला कि वहां शिक्षक नरेंद्र भी थे। उनके पास भी इसी तरह से फोन गया था। वरिष्ठ शिक्षक का नाम लेने के चलते दोनों लोग तुरंत बैंक गए तो ठगी से बच गए। इसी तरह से अंग्रेजी विभाग की एक शिक्षिका व कई अन्य लोगों के साथ भी ठगी का प्रयास किया गया।
