बरेली: पुलिस ने भी माना अब नहीं मिलेगी कोहिनूर
बरेली, अमृत विचार। घर के आंगन में मां के साथ सो रही मासूम बच्ची का अचानक गायब होना अब पहेली बनकर ही रहेगा। एक ओर लापता बच्ची के लौट आने के इंतजार में परिवार की आंखे पथरा गई हैं तो वहीं दूसरी ओर पुलिस ने उसके मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस को ही बंद …
बरेली, अमृत विचार। घर के आंगन में मां के साथ सो रही मासूम बच्ची का अचानक गायब होना अब पहेली बनकर ही रहेगा। एक ओर लापता बच्ची के लौट आने के इंतजार में परिवार की आंखे पथरा गई हैं तो वहीं दूसरी ओर पुलिस ने उसके मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस को ही बंद कर दिया है। पुलिस का मानना है कि बच्ची की जितनी तलाश की जा सकती थी की गई लेकिन उसका कोई भी सुराग पुलिस को नहीं मिल सका।
बिथरी चैनपुर के गांव मनपुरिया दलेल के रहने वाले कदीरुद्दीन की पत्नी अफसाना 21 अगस्त 2016 की रात घर के आंगन में अपने बच्चों के साथ सो रही थीं। उनकी छोटी बेटी कोहिनूर (4) मां के साथ सो रही थी। रात में 10 बजे के लगभग जब मां की आंख खुली तो पता चला कि कोहिनूर अपने बिस्तर से गायब थी। घर के दरवाजे बंद थे लेकिन वह लापता थी। पीड़ित परिवार और पुलिस ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका।
बिथरी चैनपुर पुलिस जब उसकी तलाश करने में नाकामयाब रही तो मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच ने उसकी तलाश की लेकिन उन्हें भी लड़की की कोई जानकारी नहीं हो सकी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कोहिनूर के मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। जबकि बच्ची के मां-बाप आज भी उसके लौट आने का इंतजार कर रहे है।
बच्ची की तलाश की जा रही है। पुलिस इस समय अभियान चलाकर जिले से गुमशुदा हुए बच्चों की तलाश कर रही है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
