लखनऊ: पत्नी की हत्या में पति समेत तीन गिरफ्तार, मृतका के परिजनों लगाया था ये आरोप
लखनऊ। विवाहिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति समेत तीन को गिरफ्तार किया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति के साथ ही सास-ससुर उसे प्रताड़ित करते थे। 27 अगस्त को रामनगर ऐशबाग निवासी मृतका के पिता रामसेवक द्विवदी ने गोमतीनगर थाने में …
लखनऊ। विवाहिता की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति समेत तीन को गिरफ्तार किया है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति के साथ ही सास-ससुर उसे प्रताड़ित करते थे। 27 अगस्त को रामनगर ऐशबाग निवासी मृतका के पिता रामसेवक द्विवदी ने गोमतीनगर थाने में अपनी पुत्री की हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 11 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री अंकिता की शादी विपुलखंड निवासी अविनाश पांडेय के साथ की थी।
शादी के 11 वर्ष बाद भी उसका पति और सास-ससुर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। रोजाना उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच की जाती थी। 25 अगस्त को इन सभी ने उसकी पुत्री को जान से मारकर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका दिया था और पीड़ित को फोन कर बताया कि उनकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली है। इस मामले में पुलिस ने पति अविनाश पांडेय, सास अमिता और ससुर कृष्ण कुमार पांडेय को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अंकिता की शादी वर्ष 2009 में अविनाश के साथ हुई थी। इनकी एक छह वर्ष की पुत्री गौरी भी है।अविनाश कुमार पाण्डेय हाईकोर्ट में सरकारी वकील हैं।
नौकरी छोड़ने का बना रहा था दबाव
मृतका के भाई हर्ष का कहना है कि उनकी बहन विकास भवन में नौकरी करती थी। बहन की मौत के बाद उसने बहन के कार्यालय जाकर वहां के लोगों से बातचीत की थी। इस दौरान वहां तैनात अकाउंटेंट ने उसे बताया कि बुधवार शाम करीब पांच बजे दीपा का पति अविनाश ऑफिस आया था। इस बीच उसने दीपा से कहा कि अगर वह पांच बजे के बाद ऑफिस में रुकी तो उसे नौकरी छोड़नी पड़ेगी। दीपा इस बात का विरोध करने लगी, काफी देर तक दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद अविनाश ने उसे घर पर देख लेने की धमकी दी और वहां से चला गया। वहीं सुबह दीपा के ससुर ने ऑफिस फोन कर उसकी आत्महत्या की बात बताई।
बहन को रात में किया था फोन
हर्ष का कहना है कि बुधवार रात उसने बहन को फोन किया था। कॉल उसकी भांजी गौरी ने उठाई थी। गौरी कुछ बोल पाती उससे पहले ही किसी ने फोन छीनकर कॉल काट दी। हर्ष को कुछ शंका हुई, लेकिन उसने इस बात को नजरअंदाज कर दिया। गुरुवार सुबह मायके वालों को जानकारी मिली के दीपा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह परिवार वालों के साथ आनन-फानन में बहन के घर पहुंचा, लेकिन इस दौरान सुसराल का कोई भी व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। उसकी बहन का शव फर्श पर पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
