बरेली: तांत्रिक ने किया दुष्कर्म, काले जादू का डर दिखाकर लाखों ठगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक युवक ने अपने तांत्रिक दोस्त व साथियों के साथ मिलकर विधवा महिला के बेटे के इलाज के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। महिला ने तांत्रिक पर तंत्र विधा का इस्तेमाल कर कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने आईजी से मामले की शिकायत की है। बारादरी …

बरेली, अमृत विचार। एक युवक ने अपने तांत्रिक दोस्त व साथियों के साथ मिलकर विधवा महिला के बेटे के इलाज के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। महिला ने तांत्रिक पर तंत्र विधा का इस्तेमाल कर कई महीनों तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने आईजी से मामले की शिकायत की है। बारादरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने शिकायत की कि उसके पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है और बेटे की तबियत अक्सर खराब रहती है। जिसका इलाज भी चल रहा है।

बताया कि एक धार्मिक स्थल में उसकी मुलाकात क्षेत्र के ही रहने वाले एक व्यक्ति से हुई थी। कुछ ही समय में युवक महिला का अच्छा हमदर्द बन गया। यहां तक कि उसका घर पर आना-जाना भी शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि बेटे के इलाज की बात कहते हुए युवक ने उसे अपने तांत्रिक दोस्त से मिलवाया। जिसके बाद रूहानी ताकतों व अन्य तरह की अंधविश्वास की बातें करके तांत्रिक ने उसके बेटे का इलाज शुरू किया। आरोप है कि तांत्रिक ने तंत्र विद्या का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ छह माह तक दुष्कर्म किया।

तांत्रिक ने काले जादू का डर दिखाते हुए धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने की भी धमकी दे दी है। महिला ने बताया कि आरोपियों ने अपने अन्य लोगों की सहायता से करीब 3.33 लाख रुपये, उसकी मां से 1.50 लाख रुपये, भाई से करीब 7.74 लाख रुपये, बहन से करीब 2.89 लाख रुपये ऐंठ लिए।

बताया कि करीब 15.48 लाख की धनराशि आरोपियों ने नगद व गूगल पे दोनों के द्वारा ली थी। आरोप है कि 24 अगस्त की देर रात दोनों आरोपी दो अज्ञात लोगों के साथ उसके घर पहुंचे और महिला का धर्मपरिवर्तन कराकर निकाह करने के लिए जबरन नेपाल ले जाने का प्रयास करने लगे। काफी कोशिश करने के बाद आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने अपनी व परिजनों की जान को खतरा जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

महिला की ओर से लिखित शिकायत मिली है, जिसपर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -नीरज मलिक, इंस्पेक्टर, बारादरी थाना

संबंधित समाचार