अमरोहा: गोकशी के मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए पांच लाख की मांग
अमरोहा/मंडी धनौरा,अमृत विचार। गोकशी के मुकदमे में से नाम निकलवाने की एवज में पांच लाख रुपये की मांग करने के एक मामले में बछरायूं के पूर्व पालिकाध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक महिला ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए फोन के जरिए युवक से पांच लाख रुपये की मांग की थी। इसके …
अमरोहा/मंडी धनौरा,अमृत विचार। गोकशी के मुकदमे में से नाम निकलवाने की एवज में पांच लाख रुपये की मांग करने के एक मामले में बछरायूं के पूर्व पालिकाध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक महिला ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए फोन के जरिए युवक से पांच लाख रुपये की मांग की थी। इसके बाद पूर्व पालिकाध्यक्ष व युवक की बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने पूर्व पालिकाध्यक्ष अफसर अली के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार बछरायूं के मोहल्ला पीरजादगान निवासी नवाब अली को कुछ दिन पूर्व एक महिला ने कॉल की। खुद को जिले में पुलिस विभाग का आलाधिकारी बताया। उसके खिलाफ दर्ज गोकशी के मामले में से नाम निकलवाने का झांसा दिया। इसके लिए पांच लाख रुपये की मांग की। नवाब का कहना है कि उसने इस बावत बछरायूं के पूर्व पालिकाध्यक्ष अफसर अली वारसी से बात की।
अफसर अली वारसी ने दो दिन बाद रुपये देने पर उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में से नाम निकलवाने का भरोसा दिलाया। बकौल नवाब ने एक लाख 15 हजार रुपये अफसर अली वारसी को दे दिए। इस दौरान नवाब व अफसर अली वारसी के बीच फोन पर पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत हुई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। चार मिनट की आडियो क्लिप में पूर्व पालिकाध्यक्ष नवाब को पक्का काम हो जाने का भरोसा दिला रहे हैं।
मामले के संज्ञान में आने पर एसपी पूनम ने जांच बैठा दी। शनिवार देर शाम नवाब अली के भाई अखलाक की तहरीर पर बछरायूं पुलिस ने अफसर अली वारसी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की पूर्व पालिकाध्यक्ष अफसर अली वारसी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस अधीक्षक पूनम ने बताया कि कॉल करने वाली महिला की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
