लखनऊ: मुलायम नहीं आए, सतीश मिश्रा ने दी कल्याण को श्रद्धांजलि
लखनऊ। मौका था पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने का। कार्यक्रम को नाम दिया गया ‘श्रद्धा के बोल’। ऐसे में भाजपा समेत कई दलों के दिग्गजों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, लेकिन इस मौके पर सियासत भी खूब हुई। आमंत्रण के बावजूद जहां पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव समेत …
लखनऊ। मौका था पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने का। कार्यक्रम को नाम दिया गया ‘श्रद्धा के बोल’। ऐसे में भाजपा समेत कई दलों के दिग्गजों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, लेकिन इस मौके पर सियासत भी खूब हुई। आमंत्रण के बावजूद जहां पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव समेत कोई सपा नेता नहीं आया। वहीं बसपा महासचिव सतीश मिश्रा कार्यक्रम का हिस्सा बने। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी इशारों में यह याद दिलाना नहीं भूले।
लखनऊ के सिटी मांटेसरी स्कूल गोमतीनगर विस्तार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजनीति की शुचिता, पारदर्शिता, मूल्य व आदर्शों के प्रति दृढ़ता एवं समर्पण का भाव जब तक लोकतंत्र में मौजूद रहेगा, तब तक स्वर्गीय कल्याण सिंह के बारे में आमजन का श्रद्धा व सम्मान बना रहेगा। उन्होंने राष्ट्रसेवा का व्रत लिया था और इसे बखूबी निभाया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह संगठन की ताकत और सरकार के दायित्व के मूल्यों को पिरोकर राजनीतिक जीवन जीने वाले व्यक्ति थे। उनके साथ मेरा रिश्ता, नेता, बड़े भाई व सखा के रूप में था। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे एक सच्चे राष्ट्र भक्त एवं राम भक्त थे। उनके किसी भी सपने को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण सिंह भारतीय संस्कृति के पुरोधा थे। वे अपने कार्यों व विचार के लिए सदैव याद किये जाएंगे।
इन्होंने भी चढ़ाए श्रद्धासुमन
संघ के सहसरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल, संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारी इंद्रेश जी, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल, सीएमएस के संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी आदि।
भाजपा ने इशारों में सपा पर साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वह सपा संरक्षक मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने गए थे। बसपा अध्यक्ष मायावती समेत राज्य के 30-40 दलों के नेताओं को फोन किया। मायावती ने सतीशचंद्र मिश्र को भेजा है। 20-25 दलों के नेता आए हैं।
कल्याण सिंह राजनीति में एक बड़ा नाम रहे हैं। मैं अपनी पार्टी की ओर से उनके परिवार और भाजपा को इस दुख की घड़ी को सहन करने की कामना करता हूं…सतीश चंद्र मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव, बसपा।
