अमरोहा: सपाइयों ने निकाली गंगा पद यात्रा, भाजपा सरकार की किसान नीतियों पर साधा निशाना
अमरोहा/हसनपुर,अमृत विचार। गंगा खादर के किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैदल यात्रा निकाली। दो दिवसीय गंगा पदयात्रा के पहले दिन कार्यकर्ता 18 किलोमीटर पैदल चले। बताया जा रहा है कि इस यात्रा के तहत सपाई करीब 40 किलोमीटर पैदल चलेंगे। बुधवार सुबह 10 बजे मोहम्दाबाद जीरो प्वाइंट से पूर्व कैबिनेट मंत्री …
अमरोहा/हसनपुर,अमृत विचार। गंगा खादर के किसानों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैदल यात्रा निकाली। दो दिवसीय गंगा पदयात्रा के पहले दिन कार्यकर्ता 18 किलोमीटर पैदल चले। बताया जा रहा है कि इस यात्रा के तहत सपाई करीब 40 किलोमीटर पैदल चलेंगे।
बुधवार सुबह 10 बजे मोहम्दाबाद जीरो प्वाइंट से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव कमाल अख्तर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तीनों कृषि कानूनों के विरोध में गंगा पद यात्रा आरंभ की। यह यात्रा गंगा किनारे बसे गांव से होकर गुजरेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता झंडा व स्लोगन लिखी तख्तियां लिए चल रहे थे। पहले दिन की यात्रा महरपुर जाकर समाप्त हुई।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने किसानों की खेती को बचाने के संकल्प के साथ-साथ उन्होंने बीजेपी सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा। यात्रा के दौरान गांवों में जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कमाल अख्तर ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं। केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने जनता से जो वादा किया उसे पूरा नहीं किया। जो किसान हमारा पेट भरता है, जो हमारी अर्थव्यस्था की रीढ़ है, उसके साथ इतना बड़ा खिलवाड़ हो रहा है।
भाजपा सरकार द्वारा लाये गए तीनों काले कृषि कानून किसान को तबाह कर देंगे। उन्होंने कहा जीरो से लेकर पोरारा तक जो सड़क मार्ग बना है उसकी हालत बहुत जर्जर है। लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। 2022 में सपा सरकार आने पर बांध की सड़क को हरि बाबा धाम तक चौड़ीकरण के साथ नए सिरे से बनवाया जाएगा। पिछले काफी समय से किसान अपनी न्याय संगत मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका अहिंसात्मक आंदोलन ऐतिहासिक बन गया है।
लेकिन सरकार हठधर्मिता में अड़ी है। पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा किसान को उद्योगपति बनाने का झांसा देकर उसकी खेती को उद्योग की श्रेणी में रखकर उसे आयकर की जद में लाने की साजिश कर रही है। लेकिन किसान भाजपा के इस इरादे को कभी सफल नहीं होने देंगे। किसानों की मांगों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष संदीप गुर्जर, जिला अध्यक्ष निर्मोज यादव, यशवीर नागर, चंद्रपाल कसाना, फैसल अल्वी, जय सिंह खड़गवंशी, जय पाल खड़गवंशी, जितेंद्र खड़गवंशी, जितेंद्र बिधूड़ी, मिंटू जाटव, सर्वेश जाटव, अजय पाल गुर्जर, मलखान सिंह गुर्जर, गोलू त्यागी, महाराज सिंह गुर्जर, ब्रह्मपाल गुर्जर, जाकिर प्रधान, फारुख प्रधान, नदीम चौधरी, आनंद गुर्जर, जितेंद्र गुर्जर, अमरीश गुर्जर आदि लोग मौजूद रहे।
