लखनऊ: करोड़ों की जमीन पर भू-माफिया की नजर, प्राचीन हनुमान मंदिर का खतरे में अस्तित्व
लखनऊ। अमीनाबाद में प्राचीन हनुमान मंदिर की करोड़ों की जमीन पर भू-माफिया की नजर है। जिस पर बाउंड्री बनाकर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर में दुकानें बनाकर मुंहमांगी कीमत पर बेचने की तैयारी है। जिससे मंदिर के अस्तित्व पर ही खतरा मंडरा रहा है। इस खेल में करोड़ों रुपये के वारे …
लखनऊ। अमीनाबाद में प्राचीन हनुमान मंदिर की करोड़ों की जमीन पर भू-माफिया की नजर है। जिस पर बाउंड्री बनाकर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर में दुकानें बनाकर मुंहमांगी कीमत पर बेचने की तैयारी है। जिससे मंदिर के अस्तित्व पर ही खतरा मंडरा रहा है। इस खेल में करोड़ों रुपये के वारे न्यारे की तैयारी है। जिसमें नगर निगम के अधिकारियों की भी मिलीभगत बतायी जा रही है।
ताजा मामला अमीनाबाद के घंटाघर पार्क परिसर में बने महावीर मंदिर का है। अशोक पाठक इस मंदिर के ट्रस्टी हैं, जिन्हें लोग भू—माफिया भी कहते हैं। व्यापारिक गतिविधियों के बीच इस प्राचीन मंदिर का अस्तित्व खतरे में है। मंदिर के मुख्य द्वार के पास सड़क के दोनों ओर दुकानें बनाकर बेच दी गयी हैं। जिससे मंदिर का पूर्वी प्रवेश द्वार भी श्रद्धालुओं को नजर नहीं आता है। यही हाल मंदिर के दक्षिणी गेट का है। यहां गेट के अंदर हाल ही में 16 दुकानें बना दी गयी हैं। इन्हें भी बेचने की तैयार चल रही है। इसके चलते मंदिर के गेट को पीछे किया जाएगा, जिससे दुकानें बाहर की ओर हो जाएंगी। जिससे व्यापारी इसे उंचे दामों पर खरीदेंगे।
अब भू-माफिया ने मंदिर परिसर के अंदर खुली जगह को भी बाउंड्री बनाकर घेर लिया है। इसमें भी बेसमेंट बनाकर दुकानें बनाने की तैयारी है। श्रीशत चंडी यज्ञशाला मंदिर घंटाघर पार्क के पुजारी राम किशोर शुक्ला ने अवैध निर्माण की शिकायत मुख्यमंत्री से की है। अमृत विचार से बातचीत में उन्होंने कहा कि भू-माफिया अशोक पाठक ने पहले ही हनुमान मंदिर की जमीन पर दुकानें बनाकर बेच डालीं और अब परिसर की जमीन कब्जा कर दुकानें बनाने की तैयारी कर रहा है। यहां तक कि श्रीराम मंदिर का आधा हिस्सा काटकर भी दुकानें बना दी हैं। इसमें नगर निगम के अधिकारियों की भी मिलीभगत है। शिकायत करने के बाद भी कोई अधिकारी देखने तक नहीं आया। उन्होंने भू-माफिया से अपनी जान को खतरा बताया है।
नगर निगम की टीम बुधवार को मौके पर गयी थी। साथ में जोनल अधिकारी, नगर अभियंता भी थे। महावीर मंदिर के ट्रस्टी अशोक पाठक से जमीन के कागज उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिनका परीक्षण कराया जाएगा। अभी निर्माण कार्य रोक दिया गया है…राकेश कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त, लखनऊ नगर निगम।
नगर निगम की टीम बुधवार को आयी थी। आज जमीन से संबंधित कागजात टीम को उपलब्ध कराउंगा। जमीन पर दुकानें नहीं बनायी जा रही हैं। बाउंड्री वाल कराने का उद्देश्य परशुराम भगवान की मूर्ति को संरक्षित करना है…अशोक पाठक, ट्रस्टी, महावीर मंदिर अमीनाबाद।
