बरेली: सीएनजी ऑटो के ट्रांसफर पर लगी रोक हटाई जाए
बरेली, अमृत विचार। ऑटो चालक यूनियन और भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने गुरुवार को संयुक्त रूप से आरटीओ को ज्ञापन देकर 2 साल से सीएनजी ऑटो रिक्शा के ट्रांसफर पर लगी रोक हटाने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद आरटीओ कमल प्रसाद गुप्ता ने ऑटो यूनियन की समस्या को …
बरेली, अमृत विचार। ऑटो चालक यूनियन और भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने गुरुवार को संयुक्त रूप से आरटीओ को ज्ञापन देकर 2 साल से सीएनजी ऑटो रिक्शा के ट्रांसफर पर लगी रोक हटाने की मांग की। ज्ञापन लेने के बाद आरटीओ कमल प्रसाद गुप्ता ने ऑटो यूनियन की समस्या को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन में यूनियन ने आरटीओ अधिकारी से मिलकर शहर में ऑटो रिक्शा चालकों को हो रही दिक्कतों को लेकर परिवहन कार्यालय में कुछ कार्यों के बंद होने के सवाल उठाते हुए उन्हें जल्द शुरू करने की मांग की। सीएनजी ऑटो रिक्शा 3 प्लस 1 ट्रांसफर न होने से शहर में बढ़ते अपराध के संबंध में ज्ञापन देकर बताया कि 2 साल से ऑटो रिक्शा ट्रांसफर प्रणाली बंद होने से ऑटो रिक्शा चालक ठगी का शिकार हो रहे हैं। आरटीओ दफ्तर पहुंचे पदाधिकारियों का सीधा आरोप है कि कई अपराधिक किस्म के लोग अपना गैंग बनाकर मेहनत मजदूरी करने वाले ऐसे ऑटो रिक्शा चालकों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
उनका आरोप है कि पहले तो इनसे पूरी रकम लेकर ऑटो बिक्री के नाम पर सब कुछ साइन कर नोटरी कर ऑटो बेच दिया जाता है लेकिन संभागीय परिवहन विभाग में इन ऑटो के कागजात ट्रांसफर न होने की व्यवस्था से इन चालकों से उक्त ऑटो के ट्रांसफर न होने की स्थिति में दबंग लोग जबरन बेचा गया वाहन छीन लेते हैं। पीड़ित द्वारा जब थाने में शिकायत की जाती है, तब पुलिस उल्टा इन को ही धमका कर खामोश करा देती है।
