कानपुर: झकरकटी बस स्टेशन पर मिला लापता बुजुर्ग व्यापारी का शव, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर। जिले के कृष्णा नगर चकेरी से गुरुवार को लापता कपड़ा व्यापारी का शव झकरकटी बस स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पड़ा मिला। मृतक के भतीजे ने गुरुवार रात में तकरीबन 9 बजे चकेरी थाने में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शरीर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों …
कानपुर। जिले के कृष्णा नगर चकेरी से गुरुवार को लापता कपड़ा व्यापारी का शव झकरकटी बस स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पड़ा मिला। मृतक के भतीजे ने गुरुवार रात में तकरीबन 9 बजे चकेरी थाने में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शरीर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने लूटपाट के बाद हत्या का संदेह जताया है।
डॉक्टर के पास जाने के लिए घर से निकले थे…
बता दें कि कृष्णा नगर चकेरी के रहने वाले लक्ष्मण भाटिया (65) की जनरलगंज में कपड़े की दुकान है। गुरुवार को लक्ष्मण भाटिया सुबह 10 बजे डॉक्टर के यहां जाने के लिए निकले थे, लेकिन शाम तक लौटकर नहीं आए। करीबियों के यहां पता किया गया लेकिन उनके बारें में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
जिसके बाद भतीजे अमित ने चकेरी थाने में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह डिग्गी तालाब के पास लक्ष्मण भाटिया का शव पड़ा मिला। मुंह से खून निकल रहा था। आंख और चेहरे पर चोट के निशान मिले। इलाके के लोगों की सूचना पर बाबूपुरवा और चकेरी थाने की पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर जांच के लिए बुलाया गया।
जांच में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंचे अमित ने शव की शिनाख्त करने के साथ ही लूटपाट के बाद हत्या का आरोप लगाया है। बाबूपुरवा थाना प्रभारी देवेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या का खुलासा करने के लिए जांच की जा रही है।
बाबूपुरवा थाना प्रभारी ने बताया कि तबियत खराब होने के चलते वह अपने किसी दोस्त के साथ वारिस हॉस्पिटल गए थे। यहीं पर उन्हें गुरुवार को आखिरी बार देखा गया था। लक्ष्मण के दोस्त और उनके अन्य करीबियों से पूछताछ कर हत्याकांड का खुलासा करने के लिए जांच की जा रही है।
