गोरखपुर: नगर आयुक्त पर भड़के पूर्व विधायक, किया अशब्दों का प्रयोग, वीडियो वायरल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के पूर्व विधायक व सपा नेता विजय बहादुर यादव का बताया जा रहा है। इस वीडियो में सपा नेता व पूर्व विधायक नगर आयुक्त की गर्दन दबाने की बात कह रहे …
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के पूर्व विधायक व सपा नेता विजय बहादुर यादव का बताया जा रहा है। इस वीडियो में सपा नेता व पूर्व विधायक नगर आयुक्त की गर्दन दबाने की बात कह रहे हैं। वीडियो बीते गुरुवार का बताया जा रहा है। वीडियो में वह अपशब्द का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
दरसअल गोरखनाथ क्षेत्र के ग्रीन सिटी इलाके में जलभराव की सूचना मिलने के बाद शाम को मौके पह पहुंचे पूर्व विधायक ने पंप आपरेटर को बुलाकर बात की। इस दौरान पूर्व विधायक ने पंप आपरेटर से पूछा, ‘कोई दिक्कत, तुम्हारे सभी पंप वर्किंग कंडीशन में हैं, कोई खराब भी है। इस पर आपरेटर ने बताया कि एक पंप खराब है लेकिन आज वह बन जाएगा। इस पर पूर्व विधायक के बोल बिगड़ गए।
उन्होंने कहा, ‘बताओ उसको नगर आयुक्त कौन है, हम पकड़ कर गटई (गर्दन) दाब (दबा) देंगे। पूर्व विधायक बोले, ‘बहुत हो गया है, अब यह बर्दाश्त नहीं होगा कतई, रिपोर्टिंग करो अगर बात हो, हमारा नंबर ले लो, हमें बताना, हमें ऊपरी बताना तुम्हारा नाम हम गोपनीय रखेंगे। अगर नहीं ठीक करेंगे तो हम उनको ठीक कर देंगे, जनता डूब रही है…(अपशब्द) मजा ले रहे हैं इस वक्त।
मेरे बोलने का मकसद यह कहना है कि नगर आयुक्त आम जनता का गला दबा रहे हैं। लोग परेशान हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। जनता को सुविधा मिलनी चाहिए। इसके लिए समाजवादी पार्टी लड़ाई लड़ेगी। – विजय बहादुर यादव, पूर्व विधायक।
नगर निगम प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। तीन सौ से ज्यादा पंपिंग सेट शहर में लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। बसियाडीह में चार पंप चल रहे हैं। वायरल वीडियो के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। – अविनाश सिंह, नगर आयुक्त।
