मुरादाबाद: बैंक कर्मियों पर 3.85 लाख रुपये हड़पने का आरोप, एसपी ने दिए जांच के आदेश
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा के मैनेजर और कर्मचारी पर 3.85 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उसने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर दोनों बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अपनी रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। एसएसपी आफिस में शिकायती पत्रों का निस्तारण कर रहे एसपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला ने एक राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा के मैनेजर और कर्मचारी पर 3.85 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उसने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर दोनों बैंक कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और अपनी रकम वापस कराने की गुहार लगाई है। एसएसपी आफिस में शिकायती पत्रों का निस्तारण कर रहे एसपी देहात ने मामले की जांच के आदेश कटघर पुलिस को दिए हैं।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के जाहिद नगर में रहने वाली विधवा जरीना बेगम ने शिकायती पत्र में कहा है कि उसका कोहिनूर तिराहा स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा में खाता है। इसमें उनका मोबाइल नंबर भी दर्ज है। पीड़िता के अनुसार पांच जून को बैंक सहायक ने फोन करके बताया कि उनका खाता ठीक होना है। इस पर वह बैंक गई। आरोप है कि मैनेजर और कर्मचारी ने उससे मशीन पर अंगूठा लगवा लिया।
इसके बाद तीन जुलाई को भी इसी बहाने से बुलाकर अंगूठा लगवाकर घर भेज दिया। वह बार-बार बुलाकर उसका अंगूठा लगवाते रहे और पासबुक वापस देते रहे। पीड़िता के अनुसार नौ अगस्त को उन्हें अपने बेटे अनीस को 50 हजार रुपये देने थे। पैसे निकालने गई तो पता चला कि खाते में रकम ही नहीं है।
उन्होंने बैंक के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी करके 3.85 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। पीड़िता ने तीनों आरोपियों से अपनी रकम वापस करने को कहा तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। तब पीड़िता ने एसएसपी की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने कटघर पुलिस को मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
