बरेली: जिले में 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी अंक सुधार परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 10वीं व 12वीं के छात्रों के लिए आयोजित अंक सुधार परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इन केंद्रों पर 18 सितंबर से 6 अक्टूबर तक परीक्षा का आयोजन होगा। अंक सुधार परीक्षा के लिए दोनों कक्षाओं …
बरेली, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 10वीं व 12वीं के छात्रों के लिए आयोजित अंक सुधार परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इन केंद्रों पर 18 सितंबर से 6 अक्टूबर तक परीक्षा का आयोजन होगा। अंक सुधार परीक्षा के लिए दोनों कक्षाओं से कुल 2000 छात्रों ने आवेदन किया है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इससे पूर्व इस परीक्षा के लिए काफी कम परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाता रहा है। इस बार कोरोना गाइडलाइन के तहत सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए ज्यादा परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। परीक्षा में हाईस्कूल के 955 और 1006 परीक्षार्थी भाग्य आजमाएंगे।
इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने सूची तैयार कर ली है। रोजाना एक विषय की परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर शिक्षकों की तैनाती की व्यवस्था भी बनाई जा रही है। अंक सुधार परीक्षा के छात्रों ने 27 अगस्त तक आवेदन किया था। उधर, अंक पत्रों में गड़बड़ी के कारण अब भी सैकड़ों छात्रों में संशय की स्थिति बनी हुई है।
कारण, 10 वीं और 12 वीं के अनेक छात्रों के अंक पत्रों पर विषयवार प्राप्तांक ही दर्ज नहीं है बल्कि प्रमोटेड लिखे होने के साथ प्राप्तांक के स्थान पर एक्स के निशान बने हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. अमरकांत सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए निर्धारित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी परीक्षा केंद्रों की जानकारी भेजी जाएगी।
