बरेली: जिला अस्पताल के ईएमओ पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल के ईएमओ पर उनकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला ने पति व ससुरालियों पर दहेज में प्लाट की मांग समेत मारपीट, ऑटिज्म रोग से पीड़ित बच्चे को जन्म देने का दोषी ठहराने का भी आरोप लगाया। मानसिक प्रताड़ना देने की भी …
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल के ईएमओ पर उनकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। महिला ने पति व ससुरालियों पर दहेज में प्लाट की मांग समेत मारपीट, ऑटिज्म रोग से पीड़ित बच्चे को जन्म देने का दोषी ठहराने का भी आरोप लगाया। मानसिक प्रताड़ना देने की भी बात कही है।
जिला अस्पताल के ईएमओ शैलेष रंजन की पत्नी बिंदिया सक्सेना ने बताया कि उनकी शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही डॉ. शैलेष व अन्य ससुराली दहेज में झांसी में प्लाट व लाखों की नकदी की मांग कर रहे थे। विरोध पर पति समेत ससुरालियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शारीरिक उत्पीड़न भी किया जाने लगा। अगस्त 2012 में उसने एक बेटे को जन्म दिया जोकि एलिप्सी ऑटिज्म इंटलेक्चुअल डिस ऑर्डर से ग्रस्त है।
आरोप है कि बीमारी से ग्रस्त बच्चे को जन्म देने का उसे दोषी ठहराकर आरोपियों ने उसका मानसिक व शारीरिक तौर पर उत्पीड़न शुरू कर दिया। महिला ने डॉ. शैलेष रंजन पर दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध करने का भी आरोप लगाया। बताया कि हर तैनाती की जगह पर डाक्टर के स्टाफ की महिलाओं के साथ अवैध संबंध रहे जिसका विरोध करने पर डाक्टर उनके साथ मारपीट करता था। बरेली ट्रांसफर होने के बाद डेलापीर स्थित घर पर पीड़िता को कई दिनों तक भूखा-प्यास भी रखा।
डाक्टर पर बच्चे को छीनकर झांसी ले जाने व किसी अन्य महिला से दूसरी शादी करने का आरोप भी पत्नी ने लगाया। महिला ने ससुरालियों व पति से जान का खतरा भी जताया है। महिला की शिकायत पर प्रेमनगर पुलिस ने डॉ. शैलेष रंजन, ससुर चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सास रीता श्रीवास्तव, ननद रुचि श्रीवास्तव व नंदोई आनंद श्रीवास्तव के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
