मुरादाबाद: वाहनों में सीएनजी किट, विभाग को खबर ही नहीं
मुरादाबाद, अमृत विचार। सड़कों पर सीएनजी वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इन पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभाग मूक दर्शक बनकर बैठे हैं। इसमें उन वाहनों की संख्या अधिक है, जिनमें अवैध रूप से सीएनजी किट लगाई गई है। यही कारण है कि उनका रजिस्ट्रेशन भी संभागीय परिवहन कार्यालय में नहीं कराया …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सड़कों पर सीएनजी वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इन पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभाग मूक दर्शक बनकर बैठे हैं। इसमें उन वाहनों की संख्या अधिक है, जिनमें अवैध रूप से सीएनजी किट लगाई गई है। यही कारण है कि उनका रजिस्ट्रेशन भी संभागीय परिवहन कार्यालय में नहीं कराया गया है। यह वाहन कब बड़े हादसे का सबब बन जाए कहा नहीं जा सकता।
कई वाहनों में आग लगने के मामले भी हो चुके हैं। इसके बाद भी विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सड़कों पर सीएनजी गैस से चलने वाले वाहनों की भरमार है। जबकि इन्हें रोकने की जिम्मेदारी संभागीय परिवहन विभाग की है।सूत्रों का कहना है कि इस कार्य को लेकर अफसर भी गंभीर नहीं हैं। अधिकतर मामले में मानक के विपरीत किट लगवाने के कारण इन वाहनों का रजिस्ट्रेशन विभाग में नहीं हो पाया है।
उधर, ऐसे वाहन सड़कों पर यह खूब फर्राटा भर रहे हैं। कई मामले ऐसे हुए हैं जहां सीएनजी वाहन में आग लग गई। हाल के दिनों अमरोहा के मामले में समय रहते चालक और उसमें बैठे लोग गाड़ी से नीचे उतर गए। वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
वाहनों की भरमार, जिले संचालित हैं पांच पंप
वाहनों की अधिकता के कारण ही जनपद में सीएनजी की पांच पंप संचालित हैं। जबकि पूर्व में इनकी संख्या छह थी। कुछ समय पूर्व ही मानक पूरे न होने के कारण अधिकारियों ने एक पंप को सीज कर दिया। इन पंपों पर हर समय सीएनजी गैस डलवाने के लिए वाहन चालकों की भीड़ लगी रहती है, जो कि इनकी अधिकता की गवाही स्वयं दे रही है। कई बार तो हालात ऐसे हो जाते है कि गैस डलवाने वाले वाहनों की लाइन पंप से बाहर सड़क तक आ जाती है।
करीब चार हजार वाहन हैं पंजीकृत
कार्यालय में 18 सौ ऑटो, 25 सौ कार ही पंजीकृत हैं। इसमें भी उन वाहनों की संख्या अधिक हैं जिनमें कंपनी ने सीएनजी किट फिट करके दी है। अन्य स्थानों पर वैध संस्था के यहां सीएनजी किट फिट कराने वाले वाहनों का रजिस्ट्रेशन शून्य के बराबर है। छवि सिंह चौहान, एआरटीओ (प्रशासन)
यह हैं मानक
संभागीय परिवहन कार्यालय में उन्हीं वाहनों का पंजीकरण होता है जिनमें कंपनी द्वारा सीएनजी किट फिट की जाती है। इसके अलावा किसी अधिकृत डीलर या संस्था के यहां सीएनजी किट फिट कराने का प्रमाण पत्र देने के बाद ही इनका रजिस्ट्रेशन होता है।
2020 और 2021 में लग चुकी हैं दो कारों में आग
जनपद में पिछले दो साल में दो कारों में आग लगने की घटना हो चुकी है। बतातें चले कि 9 जुलाई 2020 को पंडित नगला एवं छह अप्रैल 2021 को सिरसवां दोराहा में चलती कार में आ आग लगने की घटना हो चुकी है। इन दोनों मामलों में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन समय रहते यदि चालक व अन्य लोग वाहन से नीचे नहीं उतरते तो बड़ी घटना हो सकती थी।
ये भी पढे़:- मुरादाबाद: देशद्रोह का मुकदमा तो लिख दिया, हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाओ- शफीकुर्रहमान बर्क
