शाहजहांपुर: बुखार का कहर, एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बुखार अब जानलेवा हो चुका है। बुखार से ढाई साल के बच्चे और एक कोटेदार की मौत हो गई। बच्चे के पिता ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को उसके खिलाफ तहरीर भी दी है। वहीं सोमवार को जिले में डेंगू के दो मरीज भी सामने आए हैं। मूलरूप से …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बुखार अब जानलेवा हो चुका है। बुखार से ढाई साल के बच्चे और एक कोटेदार की मौत हो गई। बच्चे के पिता ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को उसके खिलाफ तहरीर भी दी है। वहीं सोमवार को जिले में डेंगू के दो मरीज भी सामने आए हैं।

मूलरूप से लखीमपुर के रहने वाले एक युवक की जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। युवक को कई दिन से बुखार आ रहा था। संभावना है कि उसे लखीमपुर में ही डेंगू हुआ होगा। युवक लखीमपुर से इलाज के लिए शाहजहांपुर आया है। उसकी तबीयत इलाज के बाद अब ठीक है। वहीं जिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स को भी डेंगू की पुष्टि हुई है।

सिंधौली के गांव गोरारायपुर निवासी एक कोटेदार की कई दिन तक बुखार आने के बाद रविवार रात मौत हो गई। स्वास्थ्य केंद्रों में सैकड़ों मरीज रोजाना स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। विकासखंड सिंधौली क्षेत्र के गांव गोरारायपुर निवासी कोटेेदार श्रीपाल (45) बुखार से पीड़ित थे। रविवार रात 10:30 बजे शाहजहांपुर में एक प्राइवेट नर्सिंगहोम में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

श्रीपाल की पत्नी पुष्पा देवी, बेटा सौरभ (16), बेटी सरिता (13) मां रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि श्रीपाल कई दिनों से बीमार थे। उनका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह ग्रामीणों को राशन वितरण किया था। दोपहर तीन बजे हालत बिगड़ी तो इलाज के लिए शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि ठंड से बुखार आ रहा था। बेटी सरिता को भी तीन दिन से बुखार आ रहा है।

पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव लुहिचा निवासी सुनील कुमार के ढाई वर्षीय पुत्र अंकुर को दो दिन से बुखार आ रहा था। सुनील अंकुर का उपचार कराने सोमवार सुबह छह बजे निगोही में झोलाछाप के पास आए थे। सुनील के मुताबिक झोलाछाप ने अंकुर को भर्ती कर लिया और इलाज शुरू कर दिया। आरोप है कि तेज बुखार में ड्रिप लगाने से उनके बेटे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। झोलाछाप लगातार बच्चे को ठीक कर देने का आश्वासन देता रहा। सुनील ने निगोही थाना पुलिस को नामजद तहरीर देकर बच्चे का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें…

बरेली: चोरों ने बंधक बनाकर लूटा लाखों का सामान व नकदी

 

संबंधित समाचार