मुरादाबाद: पांच दिन में 48 घंटे की बिजली कटौती, 6500 उपभोक्ता परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पिछले पांच दिनों में हुई 48 घंटे की अघोषित बिजली कटौती से करीब 6500 उपभोक्ता बेहाल हैं। आशियाना बिजलीघर से जुड़ी कई पॉश कालोनियों के लोग पिछले पांच दिनों से इस बिजली संकट को झेल रहे हैं। बिजली के साथ ही पानी न आने से टंकियां सूखी हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पिछले पांच दिनों में हुई 48 घंटे की अघोषित बिजली कटौती से करीब 6500 उपभोक्ता बेहाल हैं। आशियाना बिजलीघर से जुड़ी कई पॉश कालोनियों के लोग पिछले पांच दिनों से इस बिजली संकट को झेल रहे हैं। बिजली के साथ ही पानी न आने से टंकियां सूखी हैं। पर्याप्त बिजली न मिलने से इन कालोनियों के लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है।

आशियाना बिजलीघर में पांच दिन पहले फुंकी वायरिंग से आखिरकार सोमवार की शाम निजात तो मिल गई लेकिन अभी बिजली व्यवस्था के पटरी पर आने की उम्मीद नहीं हैं। तीन कर्मचारियों की टीम ने किसी तरह से वायरिंग को तो दुरुस्त कर दिया लेकिन देर शाम ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण अभी समस्या जस की तस बनी हुई है।
पिछले कई दिनों से सिविल लाइंस क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी हुई थी।

खासतौर पर आशियाना बिजलीघर से जुड़ी छोटी-बड़ी 11 कालोनियों में भीषण संकट बना हुआ है। पांच दिन से इन कालोनियों में होने वाली अघोषित बिजली कटौती के कारण करीब साढ़े छह हजार उपभोक्ता परेशान है। दरअसल बारिश के कारण आशियाना बिजलीघर की वायरिंग फुंक गई। जिस कारण कई-कई घंटे सप्लाई बाधित रही।

दूसरे फीडर से उधार की बिजली लेकर सप्लाई चालू कराई गई लेकिन वहां पर ओवरलोड होने के कारण मुश्किलें और बढ़ गई। समस्या बढ़ी तो कर्मचारियों को लगाया गया लेकिन पांच दिन वायरिंग सही करने में बीत गए। तीन एक्सपर्ट कर्मचारियों की टीम ने पांच दिन की मशक्कत के बाद वायरिंग की मरम्मत की। इस दौरान पांच दिन के भीतर करीब 48 घंटे अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया। खासतौर पर सुबह-शाम होने वाली कटौती के कारण लोग दो बूंद पानी को तरस गए।

वायरिंग दुरुस्त हुई तो ट्रांसफार्मर दे गया दगा
करीब पांच दिन की मशक्कत के बाद वायरिंग दुरुस्त तो हो गई लेकिन अभी भी बिजली संकट से पूरी तरह से निजात मिलने की उम्मीद नहीं हैं। सोमवार की शाम एक ट्रांसफार्मर फिर दगा दे गया। किसी तरह से उसे सही करके सप्लाई चालू तो करा दी गई लेकिन लोड पड़ने पर लगातार जंपर उड़ रहा है। जिस कारण करीब दो दिन तक अभी इस बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा। हालांकि अफसरों का दावा है कि केवल तेल बदलने के बाद ट्रांसफार्मर सही तरीके से काम करना शुरू कर देगा।

वायरिंग फुंकने के कारण करीब साढ़े छह हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। वायरिंग दुरुस्त कर ली गई है, ट्रांसफार्मर में आई कमी को भी मंगलवार तक ठीक कर दिया जाएगा। शिव कुमार मौर्य, जेई, आशियाना बिजलीघर

संबंधित समाचार