प्रवेश में बरेली पिछड़ी, बिजनौर सबसे आगे
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हो रहे हैं। मंगलवार से प्रवेश पंजीकरण पर 400 रुपये का विलंब शुल्क भी लिया जाने लगा है। शाम 7 बजे तक 1 लाख 30 हजार से अधिक प्रवेश हो चुके थे लेकिन 91 हजार का ही पंजीकरण शुल्क महाविद्यालयों …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हो रहे हैं। मंगलवार से प्रवेश पंजीकरण पर 400 रुपये का विलंब शुल्क भी लिया जाने लगा है। शाम 7 बजे तक 1 लाख 30 हजार से अधिक प्रवेश हो चुके थे लेकिन 91 हजार का ही पंजीकरण शुल्क महाविद्यालयों ने जमा किया था। छात्रों के प्रवेश करने में बिजनौर जिला सबसे आगे, जबकि बरेली इस मामले में पिछड़ गई है। बिजनौर में जहां सबसे अधिक 30 हजार प्रवेश हुए हैं तो बरेली में सिर्फ 15 हजार प्रवेश ही हुए हैं।
स्नातक में प्रवेश 1 अगस्त से हो रहे हैं। 31 अगस्त तक विश्वविद्यालय द्वारा 100 रुपये पंजीकरण शुल्क लेना निर्धारित किया गया था। कई महाविद्यालयों के अनुरोध पर विश्वविद्यालय ने 6 सितंबर तक तिथि बढ़ा दी थी। अब 7 से 13 सितंबर तक 400 रुपये विलंब शुल्क पंजीकरण के लिए जाएंगे। उसके बाद 20 सितंबर तक 600 रुपये विलंब शुल्क लिया जाएगा।
अब तक हुए 130000 प्रवेश में सबसे अधिक 62 फीसदी यानी 80 हजार प्रवेश बीए में हुए हैं। दूसरे नंबर पर 30 हजार प्रवेश बीएससी बॉयो व गणित में हुए हैं। इसकी संख्या 23 फीसदी है। इससे साफ है कि सिर्फ 15 फीसदी प्रवेश ही अन्य पाठ्यक्रमों में हुए हैं। बीए में व्यक्तिगत छात्र भी फार्म भरकर परीक्षा देते हैं।
8 ट्रांसजेंडर्स ने भी लिया प्रवेश
विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार इस बार अभी तक आठ ट्रांसजेंडर छात्रों ने भी प्रवेश लिया है। इनमें छह छात्रों ने बीए और दो ने बीएससी में प्रवेश लिया है। बीए में प्रवेश लेने वालों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है, जबकि बीएससी में छात्रों की संख्या अधिक है। बीए में 37816 छात्रों और 41626 छात्राओं ने तो बीएससी में 17471 छात्रों और 12678 छात्राओं ने प्रवेश लिया है।
जिले वार प्रवेश की स्थिति
जिला प्रवेश
अमरोहा 13336
बदायूं 9741
बरेली 14515
बिजनौर 28545
मुरादाबाद 19335
पीलीभीत 7528
रामपुर 8797
संभल 9975
शाहजहांपुर 14139
नोट-सभी आंकड़े शाम 6 बजे तक के हैं
