बरेली: स्वास्थ्य विभाग की गोद में पल रहा डेंगू, मलेरिया का लार्वा
बरेली, अमृत विचार। जिले भर में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के दावे हैं कि बचाव के इंतजाम पूरे हैं। लेकिन लोगों की सेहत की रखवाली करने वाले स्वास्थ्य महकमे के आला अधिकारियों के कार्यालय परिसर खुद ही बीमार हैं। हाल देखकर कोई भी कह देगा कि स्वास्थ्य विभाग …
बरेली, अमृत विचार। जिले भर में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप दिनोंदिन बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के दावे हैं कि बचाव के इंतजाम पूरे हैं। लेकिन लोगों की सेहत की रखवाली करने वाले स्वास्थ्य महकमे के आला अधिकारियों के कार्यालय परिसर खुद ही बीमार हैं। हाल देखकर कोई भी कह देगा कि स्वास्थ्य विभाग के ये कार्यालय ही कहीं मच्छरों का ब्रीडिंग हब यानी प्रजनन केंद्र तो नहीं हैं।
कोरोना के खतरे के साथ ही इन दिनों वायरल बुखार, मलेरिया और टाइफाइड भी अपने पांच पसार रहे हैं। साथ ही डेंगू ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम तक सभी सतर्क हैं। बीते दिनों प्रेस कॉफ्रेंस में जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर वार्डों में साफ-सफाई और एंटी लार्वा साइडिल के छिड़काव के निर्देश दिए। लेकिन लोगों की सेहत सुधारने का दावा करने वाला स्वास्थ्य विभाग खुद ही बीमारियों के खतरे की जद में है।
जिला अस्पताल की सड़क पार बिल्डिंग, आवासीय परिसर के पास उगी झाड़ियां, परिसर में गंदे पानी का ठहराव और कीचड़ से बजबजाती नालियां, कबाड़ खड़े वाहनों में जमा होता बारिश का गंदा पानी मच्छरों को पैदा करने के लिए काफी है।
परिसर में सालों से कंडम पड़ी एंबुलेंस
जिला अस्पताल की सड़क पार बिल्डिंग परिसर कबाड़ एंबुलेंस वाहनों का ठिकाना बना है। यहां तीन एंबुलेंस खड़ी हैं। इनको यहां पड़े दो साल से अधिक समय हो चुका है। इनमें बारिश का पानी ठहरने से न केवल मच्छर पनपते हैं, बल्कि कई विषैले कीट-पतंगों का भी घर बन चुका है। यह परिसर में आने वाले लोगों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। वहीं आवसीय परिसर में रहने वाले लोगों ने बताया कि एंबुलेंस से नशेड़ी सामान चुराकर बेच देते हैं।
सीएमओ ने दिए निर्देश, खुद के परिसर में जमा है गंदा पानी
सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई के लिए निर्देश दिए गए हैं। वे जल्द ही परिसर का निरीक्षण करेंगे। वहीं जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार सफाई व्यवस्था को मुकम्मल किया जा रहा है। कूलर की सफाई लगातार कराई जाती है। सड़क पार बिल्डिंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरस्त किया जाएगा।
