मुरादाबाद: राशन डीलर के पति के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर फिर गर्माया माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई राशन डीलर के पति की हत्या के विरोध में माहौल गर्माता जा रहा है। मंगलवार को जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का घेराव करने का प्रयास किया था तो वहीं बुधवार को अखिल भारतीय अंबेडकर युवक संघ के पदाधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई राशन डीलर के पति की हत्या के विरोध में माहौल गर्माता जा रहा है। मंगलवार को जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का घेराव करने का प्रयास किया था तो वहीं बुधवार को अखिल भारतीय अंबेडकर युवक संघ के पदाधिकारी आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतर आए। अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए पदाधिकारियों ने जब कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने का प्रयास किया तो सीओ सिविल लाइंस ने भारी फोर्स के साथ मिलकर उनको रोक लिया।

इसके बाद पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा करते हुए नोकझोंक की। पदाधिकारियों के तेवर देख पुलिस कर्मी बैकफुट पर आ गए, इसके बाद सभी जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर एसएसपी व एसीएम द्वितीयसे मुलाकात कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। आनन-फानन में एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी को भी लगा दिया।

भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काफियाबाद राशन डीलर के पति सुरेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुरेंद्र सिंह गार्ड था और वारदात के वक्त ड्यूटी से लौटकर बाइक से अपने गांव जा रहा था। गार्ड के मर्डर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया था। परिजनों ने गांव निवासी सचिन, जितेंद्र, रोहित और घोसीपुरा निवासी अनीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

परिजनों का कहना था कि इस बार प्रधान पद के उम्मीदवार आशीष और गोपाल सिंह के बीच मतदान से पहले खूनी संघर्ष हो गया था। जिसमें गोपाल सैनी के बचाव में आए पूर्व प्रधान के भाई उदयपाल की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में आशीष जेल में है और सुरेंद्र उसकी पैरवी कर रहा था। जिस कारण मृतक उदयपाल के बेटे और भतीजे रंजिश मान रहे थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी अनीस को गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भड़के परिजन
इधर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को मृतक के परिजन भड़क गए थे। सैकड़ों ग्रामीणों संग वह भोजपुर थाने का घेराव करने निकले थे। इसकी जानकारी होने पर भोजपुर एसओ ने भारी फोर्स के साथ उनको रास्ते पर रोक लिया था। फिर ग्रामीणों की जमकर नोकझोंक हुई थी, जिस पर पुलिस ने 12 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। निर्धारित वक्त बीतने पर भी गिरफ्तारी न होने पर बुधवार को अखिल भारतीय अंबेडकर युवक संघ के पदाधिकारी सड़क पर उतर आए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता महावीर प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए। यहां से जैसे ही सभी कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए तो सीओ सिविल लाइंस इंदू सिद्धार्थ ने सभी को रोक लिया। इसके बाद पदाधिकारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में सभी जुलूस की शक्ल में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी बबलू कुमार से मुलाकात की।

उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी को लगा दिया। वहीं बाद में डीएम न मिलने पर सभी ने एसीएम द्वितीय जगमोहन पांडे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेतराम, पिंटू, सुरेश कुमार गौतम, अनुज जाटव, राज बहादुर, अशोक कुमार और हीरा सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार