सीतापुर: महिला के साथ दुष्कर्म, तहरीर देने गए पीड़िता के पति को भेजा हवालात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर अपने साथियों की मदद से दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला और उसके पति का यह भी आरोप है कि जब वह लोग थाने तहरीर देने गए तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाय महिला के पति को हवालात में डाल दिया और …

सीतापुर। थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही एक युवक पर अपने साथियों की मदद से दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला और उसके पति का यह भी आरोप है कि जब वह लोग थाने तहरीर देने गए तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाय महिला के पति को हवालात में डाल दिया और दोनों का शांतिभंग के मामले में चालान कर दिया। महिला के पति ने पुलिस पर रुपए लेने का भी आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस इस घटना को महज मारपीट बता रही है। पुलिस का दावा है कि दुष्कर्म का फर्जी आरोप लगाया जा रहा है। तीन दिन मारपीट हुई थी। जिसमें दंपत्ति के खिलाफ गांव के ही युवक ने तहरीर दी थी।

सकरन थाना क्षेत्र की निवासी एक 30 साल की महिला, अपने घर पर चाय की दुकान चलाती है। महिला ने बताया कि विगत 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे उसकी दुकान पर गांव के ही एक युवक और उसके दो साथी आए और चाय बनाने के लिए कहा। महिला ने बताया कि जब वह चाय बनाने के लिए कमरें में दूध लेने गई, उसी दौरान आरोपी युवक ने पीछे से उसे पकड़ लिया और अवैध असलहा लगाकर जबरन दुराचार किया। यह बात किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

घटना के समय आरोपी के दोनों साथी बब्लू और घनश्याम वहीं मौजूद थे। पति के खेत से आने के बाद महिला ने पूरी बात बताई। उसके बाद पति-पत्नी दोनों सकरन थाने आए और आरोपी व उसके दोनों साथियों के खिलाफ तहरीर दी। पीड़िता और उसके पति का आरोप है कि तहरीर देखकर एसओ आग बबूला हो गए और गालियां देते हुए कहा कि फर्जी तहरीर लेकर आई हो। तुम लोगों को बंद कर देगें। उसके बाद एसओ द्वारा पीड़िता के पति को पुलिस ने हवालात में बंद कर  शान्ति भंग की धारा में चालान भेज दिया। उसके बाद पीड़िता और उसके पति की एसडीएम कोर्ट लहरपुर से जमानत हुई।

पीड़िता के पति का आरोप है कि हवालात में बंद करने के बाद पुलिस ने उससे 15 सौ रूपए की नकदी भी ले ली थी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने व उल्टे उसे ही जेल भेजे जाने को लेकर पीड़िता व उसके पति ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सकरन एसओ पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि महिला रेप का फर्जी आरोप लगा रही है, जबकि तीन दिन पहले मारपीट हुई थी। जिसमें गांव के ही एक युवक ने महिला व उसके पति के खिलाफ तहरीर दी थी।

संबंधित समाचार