लखनऊ: अंगूठे का बायोमैट्रिक क्लोन बनाकर ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। अंगूठे का बायोमैट्रिक क्लोन बनाकर ठगी करने वाले तीन शातिरों को विभूतिखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शातिर सरकारी वेबसाइट से रजिस्ट्री का डेटा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों के अंगूठे के बायोमेट्रिक प्रिंट हासिल करते थे। इसी अंगूठे का क्लोन तैयार कर शातिर लोगों के बैंक खातों से …

लखनऊ। अंगूठे का बायोमैट्रिक क्लोन बनाकर ठगी करने वाले तीन शातिरों को विभूतिखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शातिर सरकारी वेबसाइट से रजिस्ट्री का डेटा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों के अंगूठे के बायोमेट्रिक प्रिंट हासिल करते थे। इसी अंगूठे का क्लोन तैयार कर शातिर लोगों के बैंक खातों से रुपये अपना डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर कर लेते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये की नगदी के साथ ही सौ क्लोन अंगूठे भी बरामद किए हैं।

सरकारी वेबसाइट (आईजीआरएस) से जमीन की रजिस्ट्री व आधार कार्ड का डेटा शातिर हासिल कर लेते थे। उसके बाद रबर स्टैंप पर रजिस्ट्री या आधार कार्ड से मिले अंगूठे के बायोमैट्रिक बना लेते थे। इसके बाद आधार व रजिस्ट्री धारक का बैंक खाता पता करके उसके खाते की रकम अपने वॉलेट में ट्रांसफर कर लेते थे। वॉलेट में रुपये आने के बाद यह लोग ग्राहक सेवा केन्द्रों के माध्यम से भुगतान करा लेते थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग पहले ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के बहाने इलेक्ट्रॉनिक थंब मशीन पर लोगों के फिंगरप्रिंट लेते थे। इसके बाद सिलिकॉन व रबर स्टैंप के माध्यम से अंगूठे का क्लोन तैयार करते। उसके बाद सरकारी वेबसाइट से हासिल किए गए डाटा के जरिए लोगों के बैंक अकाउंट तक अपनी पहुंच बनाते और कुछ ही दिनों में अकाउंट से पूरी धनराशि साफ कर देते थे।

पुलिस अब इन शातिरों द्वारा ठगे गए लोगों का पता लगाने में जुटी है। साइबर क्राइम टीम इनके वॉलेट से जुड़े खातों का पता लगा रही है। जिससे पीड़ितों और आरोपियों के सहयोगियों को भी पकड़ा जा सके। आरोपी एक बार और एक दिन में खाते से सिर्फ 10 हजार रुपये ही निकालते थे, जिससे की खाताधारक को शक न होने पाए। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शातिरों को मंगलवार देर रात पालीटेक्निक चौराहे से गिरफ्तार किया है।

ये हुआ बरामद

पुलिस ने शातिरों के कब्जे से 2.98 लाख रुपये नगद, 100 क्लोन थंब बायोमेट्रिक, 2 लैपटॉप, 7 मोबाइल, 2 थंब स्कैनर, 4 आधार कार्ड, 3 वोटर आईडी, नेपाल सरकार का आईडी कार्ड और एक कार बरामद की है।

पुलिस टीम को दस हजार का इनाम

शातिरों को गिरफ्तार कर इस ठगी के खेल का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन ने कहा कहा कि दस हजार रुपये का इनाम देने के लिए संस्तुति की गई है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

1.राजेश राय निवासी गांव धनौरा बुजुर्ग, बासगांव गोरखपुर,

2.रामसरन गौड़ निवासी गांव धनौरा बुजुर्ग, बांसगांव गोरखपुर

3.राहुल कुमार निवासी धनौरा बुजुर्ग, बांसगांव गोरखपुर

संबंधित समाचार