मुरादाबाद: पाकबड़ा में युवक की हत्या कर शव फेंका
पाकबड़ा/मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में युवक के सिर में धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। उसका शव डींगरपुर रोड पर बकैनिया गांव के पास पड़ा मिला। शव के पास ही युवक की स्कूटी भी खड़ी थी। मृतक संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह ग्रोथ सेंटर …
पाकबड़ा/मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में युवक के सिर में धारदार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। उसका शव डींगरपुर रोड पर बकैनिया गांव के पास पड़ा मिला। शव के पास ही युवक की स्कूटी भी खड़ी थी। मृतक संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह ग्रोथ सेंटर स्थित दीवान इंडिया फर्म में नौकरी करता था।
बुधवार की रात करीब 11.15 बजे किसी ने डायल 112 पर कॉल करके डींगरपुर मार्ग पर बकैनिया गांव के पास युवक का शव पड़ा होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर योगेंद्र कृष्ण यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। युवक के सिर पर गहरा घाव था। माना जा रहा है कि उसके सिर पर हत्यारों ने किसी धारदार हथियार से वार किये हैं, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की जेब से मिले आईकार्ड का आधार पर उसकी पहचान संभल जनपद के असमोली निवासी 33 वर्षीय जालेंद्र पुत्र निर्मल के रूप में हुई। मृतक पांच भाइयों जोगेंद्र, गजेंद्र, रविंद्र और पंचम में सबसे बड़ा था। उसकी एक बहन कंचन भी है। परिवार में पत्नी आंचल के अलावा बेटा व बेटी हैं। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही में जुटी थी। इंस्पेक्टर का कहना है की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई है। इसके बाद शव को यहां लाकर डाल दिया गया है।
