बरेली: डेंगू-मलेरिया से जंग तेज, अवकाश पर गए डाक्टरों को बुलाया
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बाद डेंगू और मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों ने भी तेजी से पैर पसारे हैं। डेंगू के एक संदिग्ध मरीज की मौत के बाद एक संदिग्ध मरीज भी सामने आया है लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक किसी में डेंगू होने की पुष्टि नहीं की है लेकिन डेंगू व मलेरिया …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बाद डेंगू और मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों ने भी तेजी से पैर पसारे हैं। डेंगू के एक संदिग्ध मरीज की मौत के बाद एक संदिग्ध मरीज भी सामने आया है लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक किसी में डेंगू होने की पुष्टि नहीं की है लेकिन डेंगू व मलेरिया के फैलने की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है।
अवकाश पर गए डाक्टरों को जल्द ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने भी जानलेवा बीमारियों के इंतजाम परखने को लेकर बैठक की। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने अधिकारियों को डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक लेते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इस समय राज्य में डेंगू, मलेरिया तथा टायफाइड आदि बीमारियां फैली हैं। कहा कि इस प्रकार की बीमारियों को रोकने की जिम्मेदारी केवल डाक्टरों तथा मेडिकल विभाग की ही नहीं है, हम सभी को इस अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेना होगा। यह एक सुखद स्थिति है कि बरेली जनपद में डेंगू का अभी तक कोई भी पुष्ट केस सामने नहीं आया है।
निर्देश दिए जगह-जगह पर जहां भी सम्भव हो, ग्रामीण क्षेत्रों में कैम्पों का भी आयोजन कर आमजन को जागरूक करने के प्रयास किए जाएं। बरेली, बदायूं, पीलीभीत व शाहजहांपुर के मुख्य चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिये कि वह अपने-अपने जनपद में स्थित अस्पतालों तथा सीएचसी/पीएचसी केन्द्रों का निरीक्षण करते रहें। कहीं भी इन बीमारियों से बचाव की दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। इसका अनुश्रवण राज्य मुख्यालय स्तर से लगातार किया जा रहा है।
इसलिए कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी अपने यहां के डीएम के साथ बैठक कर स्थिति का आकलन कर इसकी रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित करें। संचारी रोगों के विरुद्ध अभियान को मंडल या जनपद स्तर तक ही नहीं, बल्कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक ले जाया जाए। ताकि आम लोग इससे जागरूक हों।
बच्चों को फुल शर्ट व पैंट पहनकर स्कूल आने को प्रेरित करें
ग्रामीण क्षेत्रों में आशाओं द्वारा घर-घर जाकर डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिये जानकारी दी जाने के अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम से नालियों की साफ-सफाई के कार्य में भी तेजी लाने को कहा। कहा कि रेडियो एफएम द्वारा भी इसका व्यापक प्रचार प्रसार करें। स्कूल की अध्यापिकाओं तथा आशाओं द्वारा स्कूलों में बच्चों को फुल आस्तीन की शर्ट, पैंट पहनने के लिए प्रोत्साहित कराएं।
डेंगू-मलेरिया से बचाव को 15 दिन तक चलेगा एंटी लार्वा अभियान
डेंगू-मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता एवं फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। नगर निगम ने विशेष अभियान के तहत प्रतिदिन 6 वार्डों में सुबह एंटी लार्वा का छिड़काव एवं शाम को फॉगिंग का कार्य कराया जा रहा है। 15 दिन में पूरे नगर में एंटी लार्वा एवं फॉगिंग हो जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जा रहा है। विकास खंड बहेड़ी की ग्राम पंचायत उनई मकरुका एवं भोजपुर मे संचारी रोग अभियान एवं स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत एंटी लार्वा तथा नालियों की सफाई और झाड़ी कटान की गतिविधियां की गई है।
