बरेली: महानगर उपाध्यक्ष और आईटी हेड समेत चार पर कार्रवाई, निष्कासन तय
बरेली, अमृत विचार। बिना किसी सबूत के भाजपा के युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति में कथित रूप से पैसे के लेनदेन के आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि षड़यंत्र के तहत महानगर अध्यक्ष डा केएम अरोड़ा और भाजयुमो अध्यक्ष अमन …
बरेली, अमृत विचार। बिना किसी सबूत के भाजपा के युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति में कथित रूप से पैसे के लेनदेन के आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि षड़यंत्र के तहत महानगर अध्यक्ष डा केएम अरोड़ा और भाजयुमो अध्यक्ष अमन सक्सेना की छवि खराब करने के लिए यह वीडियो बनाकर वायरल किया गया।
महानगर अध्यक्ष ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में वीडियो वायरल करने वाले पदाधिकारियों से पूछताछ की जिसमें यह बात सामने आयी कि विरोधी गुट के इशारे पर मनगढ़ंत बातें कर वीडियो बनाया। मामले में महानगर टीम के चारों पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गयी है। महानगर उपाध्यक्ष और आईटी हेड समेत चारों पदाधिकारियों को कार्यमुक्त कर दिया है। इन्हें अब भाजपा के किसी भी कार्यक्रम में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। पदों से निष्कासन भी तय माना जा रहा है।
प्रकरण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल और प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह को रिपोर्ट भेजी गयी है। साथ ही भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने प्रदेश सह संगठन मंत्री को फोन करके भी पूरा घटनाक्रम बताया। षड़यंत्र की तह तक जाने के लिए महानगर के चारों महामंत्री को जांच सौंपी गयी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर हाईकमान स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा कार्यालय में सख्ती, शाम 6 बजे पड़ जाएंगे ताले
कथित आरोप लगाते हुए वायरल की गयी वीडियो ने भाजपा की खूब भद पिटवायी है। षड़यंत्र के तहत बनायी गयी वीडियो की गूंज लखनऊ तक पहुंची। इस वीडियो के बाद पार्टी कार्यालय में सख्ती बढ़ायी गयी है। महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 2 बजे तक अध्यक्ष बैठते हैं। इसके बाद अध्यक्षों के कमरे लॉक कर दिए जाएंगे। अध्यक्ष के आने पर ही खुलेंगे। इसके साथ प्रतिदिन शाम 6 बजे तक पार्टी कार्यालय खुलेगा। इसके बाद मुख्य गेट पर ताला पड़ जाएगा। हालांकि कार्यक्रम होने पर खुला रहेगा। इससे देर शाम तक कार्यालय में बैठने पर भी रोक लगेगी। वायरल वीडियो सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय के एक कमरे में बैठकर बनाया गया था।
भाजयुमो महानगर अध्यक्ष बोले- चचेरा भाई न दूर का रिश्तेदार, सब षड़यंत्र
वायरल वीडियो पर भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना से बात की तो पूरी बात स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि वीडियो में सीट रुपये देकर प्राप्त करने के मनगढ़ंत आरोप लगाने वाला पदाधिकारी न तो उनका चचेरा भाई है और न ही दूर का रिश्तेदार है। षड़यंत्र के तहत मुझे बदनाम करने के लिए कुछ पदाधिकारियों ने खेल खेला है। शहर में अभिनंदन रैली निकालने और महानगर टीम की घोषणा में अंडर 30 उम्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही शामिल करने की बात से कुछ लोग नाराज हुए हैं। वही लोग बदनाम करने के लिए ओछी राजनीति करते हुए फर्जी बातें कर वीडियो बनाकर वायरल किए हैं।
पूरा मामला मनगढ़ंत है। विरोधी गुट ने कथित आरोप लगाते हुए वीडियो पहले बनाया फिर वायरल किया है। पूछताछ में सच सामने आ गया है। चार पदाधिकारियों को कार्यमुक्त किया गया है। निष्कासन कराने के लिए संस्तुति रिपोर्ट जल्द हाईकमान को भेजी जाएगी। महानगर के चारों महामंत्री को जांच सौंपी गयी है। -डा. केएम अरोड़ा, अध्यक्ष महानगर भाजपा
महानगर टीम के इन पदाधिकारियों को किया कार्यमुक्त
भाजयुमो महानगर अध्यक्ष बरेली की नियुक्ति को लेकर बिना सबूतों के मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल करने के मामले में भाजपा संगठन ने भी सख्ती दिखायी है। इसमें महानगर संगठन ने सोशल मीडिया पर बिना सबूत वीडियो वायरल करने के मामले में महानगर के आईटी संयोजक सुभांक सक्सेना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, गौरव गुप्ता और संजीव सिंह को कार्यमुक्त कर दिया है। षड़यंत्र में शामिल कुछ और नेताओं पर भी जांच के बाद कार्रवाई की जा सकती है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष भी थे मौजूद, कार्रवाई नहीं
सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय में जिस वक्त षड़यंत के तहत वीडियो बनाया गया था। उस वक्त भाजपा के मंडल अध्यक्ष जेपीएस पाल भी मौजूद थे। ऐसा बताया जा रहा है। इनके खिलाफ कार्रवाई की बात पर महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने कहा कि ये मौजूद तो थे लेकिन वीडियो में इनकी आवाज सुनाई नहीं दी। न ही इन्होंने कुछ कहा है। जांच में यदि षड़यंत्र में यह शामिल निकले तो कार्रवाई की जाएगी।
आज आ रहे हैं प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश सह संगठन मंत्री
भाजपा के पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बरेली में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विस्तारक संयोजक एमएलसी विजय बहादुर पाठक और प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह आ रहे हैं। 12 सितंबर को प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल भी बरेली आएंगे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में भाजपा का विस्तारक वर्ग जल्द ही बरेली में आयोजित होने जा रहा है। पूरी पार्टी इसकी तैयारी में जुटी है। विस्तारक वर्ग की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रमुख नेता एक-एक बरेली आ रहे हैं।
