बरेली: कलारी गांव में डेंगू की दस्तक, आठ घरों में मिला लार्वा
बरेली, अमृत विचार। डेंगू के दो मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। एडी हेल्थ डा. एसके गर्ग शनिवार को अधिकारियों के साथ बिथरी चैनपुर ब्लॉक के कलारी गांव पहुंचे। वहां आशाओं के साथ बैठक की और उसके बाद कई घरों में खुद डेंगू-मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की तलाश की। …
बरेली, अमृत विचार। डेंगू के दो मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। एडी हेल्थ डा. एसके गर्ग शनिवार को अधिकारियों के साथ बिथरी चैनपुर ब्लॉक के कलारी गांव पहुंचे। वहां आशाओं के साथ बैठक की और उसके बाद कई घरों में खुद डेंगू-मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा की तलाश की। इस दौरान घरों में कूलर, गमलों में मिले मच्छरों के लार्वाओं को ढूंढ कर नष्ट किया गया।
शुक्रवार को कलारी गांव की महिला और आंवला के मझगवां के युवक को एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने पर शनिवार को एडी हेल्थ के साथ मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा. अखिलेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डा. डीआर सिंह बिथरी चैनपुर के कलारी गांव पहुंचे। गांव में करीब 600 घरों में सर्वे की जिम्मेदारी 7 आशाओं को दी गई। एडी हेल्थ ने उनको निर्देश दिया कि पूरे गांव में घर-घर सभी लोगों की सेहत की जानकारी जुटाई जाए। साथ ही घरों के भीतर कूलर, गमलों में भरे पानी को भी साफ कराया जाए। मलेरिया विभाग की एचवीसी टीम भी गांव पहुंची।
इस दौरान कई घरों में मच्छरों के लार्वा पनपते मिले। जिनको नष्ट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से गांव के 69 लोगों की जांच की गई। जिसमें से 33 लोगों की डेंगू व 36 लोगों की मलेरिया की जांच की गई। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डा. डीआर सिंह ने बताया कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस दौरान डा. आशीष गुप्ता, एलटी रमेशमणि त्रिपाठी, गौरव शर्मा आदि मौजूद रहे।
आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर सर्वे करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, किसी घर में बुखार और मलेरिया डेगू का संदिग्ध मरीज मिलता है, तो तत्काल जांच कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। लोगों को लार्वा, व अपने बचाव को लेकर जागरुक किया जा रहा है। -डा. एसके गर्ग, एडी हेल्थ
