पिता व सौतेली मां की पिटाई से तंग आकर रायबरेली से बरेली पहुंची दो बहनें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज, अमृत विचार। शराबी पिता व सौतेली मां की प्रताड़ना से तंग आकर दो सगी बहनें रायबरेली से अकेले ही भाग निकलीं। लखनऊ होते हुए वह शनिवार देर रात बरेली पहुंची। बस चालक ने उन्हें झुमका तिराहे पर उतार दिया। दोनों नाबालिग बच्चियां डरी सहमी कुछ घंटे वहीं बैठी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें …

सीबीगंज, अमृत विचार। शराबी पिता व सौतेली मां की प्रताड़ना से तंग आकर दो सगी बहनें रायबरेली से अकेले ही भाग निकलीं। लखनऊ होते हुए वह शनिवार देर रात बरेली पहुंची। बस चालक ने उन्हें झुमका तिराहे पर उतार दिया। दोनों नाबालिग बच्चियां डरी सहमी कुछ घंटे वहीं बैठी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें थाने ले आई। पुलिस ने रायबरेली में रहने वाले परिजनों को सूचना दी है।

रायबरेली जिले की रहने वाली 13 व 9 वर्षीय दो बहनों ने पुलिस को बताया कि उनका पिता उनकी मां व सात बहनों को शराब पीकर मारता-पीटता था। जिससे तंग आकर उनकी मां दो साल पहले घर छोड़कर चली गई थीं। जिसके बाद शराबी पिता ने दूसरी महिला से शादी कर ली। सौतेली मां भी उनके साथ मारपीट करती थी। इसकी वजह से दोनों बुधवार रात चोरी छुपे घर से भाग निकलीं। बताया कि गुरुवार की सुबह वह दोनों लखनऊ पहुंची। वहां दोनों बहनें तीन दिन तक लखनऊ में ही भटकती रहीं। साथ ही होटलों पर खाना खाती रहीं। जिसके बाद वह आलमबाग बस स्टेशन से रोडवेज की बस पर सवार हो गईं।

रविवार रात ड्राइवर ने उन्हें झुमका चौराहे पर उतार दिया। चौराहे पर स्थित अल नवाज होटल पर कई घंटे दोनों बहने डरी-सहमी बैठी रहीं। होटल मालिक ने इसकी सूचना पर परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह को दी। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को थाने ले आए। दोनों बच्चियां इस समय सीबीगंज थाने में पुलिस की सुरक्षा में हैं। वहीं पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दे दी है।

दोनों बच्चियों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वह सोमवार तक बरेली पहुंच जाएंगे। जिसके बाद बच्चियों को उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा – कृष्ण वीर सिंह इंस्पेक्टर सीबीगंज

संबंधित समाचार