यूपी: आबकारी विभाग ने शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा, 143 लोग गिरफ्तार
लखनऊ। आगरा और अलीगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग लगातार अभियान चलाकर माफिया पर शिकंजा कस रहा है। बीते दो दिनों में ही प्रदेश में 344 मुकदमे दर्ज किए गए। कुल 7648 लीटर अवैध शराब और करीब 60 हजार किग्रा लहन नष्ट की गई। अवैध शराब का सबसे बड़ा भंडार …
लखनऊ। आगरा और अलीगढ़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग लगातार अभियान चलाकर माफिया पर शिकंजा कस रहा है। बीते दो दिनों में ही प्रदेश में 344 मुकदमे दर्ज किए गए। कुल 7648 लीटर अवैध शराब और करीब 60 हजार किग्रा लहन नष्ट की गई। अवैध शराब का सबसे बड़ा भंडार झांसी में पकड़ा गया।
आबकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय भूस रेड्डी ने बताया कि अवैध रूप से शराब बनाने के धंधे में संलिप्त 143 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम एवं सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की गई और आठ वाहन भी जब्त किए गए हैं। आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी ने बताया कि पिछले दो दिनों में जनपद झांसी में 625 लीटर अवैध कच्ची शराब और 11हजार किग्रा लहन मौके पर नष्ट करते हुए 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
कुशीनगर में आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई। जिसमें 20 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिट के अलावा कई ब्रांड के रैपर व खाली शीशियां मिलीं। यहां दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और थाना नेबूआ नौरंगिया में कुल पांच अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम, आईपीसी एवं कापीराइट एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कराया गया। बहराइच में थाना कोतवाली देहात के गांव हुसैनपुर में भी नकली शराब बनाने का सामान और कई ब्रांड के रैपर व शीशियां मिलीं। गिरफ्तार दो अभियुक्तों के खिलाफ गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही भी हो रही है।
इसके अलावा मुरादाबाद, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, फतेहपुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, वाराणसी, प्रतापगढ़, आजमगढ़, फिरोजाबाद, कन्नौज, बलिया व बस्ती समेत अनेक जिलों में भी बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने की भट्टियां नष्ट की गईं और शराब बनाने वालों पर मुकदमे दर्ज किए गए।
