मुरादाबाद: पत्नी के हत्यारोपी की सड़क हादसे में मौत
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में करंट लगाकर पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले राहुल का भी दर्दनाक अंत हो गया। फरार होने का प्रयास कर रहा राहुल मैनाठेर थानाक्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। उपचार के दौरान सोमवार को ही जिला अस्पताल में उसने गुमनामी में दम तोड़ दिया। मंगलवार को परिजनों ने …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में करंट लगाकर पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले राहुल का भी दर्दनाक अंत हो गया। फरार होने का प्रयास कर रहा राहुल मैनाठेर थानाक्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया। उपचार के दौरान सोमवार को ही जिला अस्पताल में उसने गुमनामी में दम तोड़ दिया। मंगलवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त राहुल के रूप में की।
रविवार की रात पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव उमरी सब्जीपुर निवासी राहुल ने अपनी पत्नी रानी की करंट लगाकर नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी। करंट से रानी के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म हो गए थे। पत्नी की सांसें थमने के बाद राहुल घर से भाग गया था। रानी के पिता संभल जनपद के असमोली थानाक्षेत्र के गांव खेमपुर निवासी रोहताश ने राहुल, उसकी बहन बीना, बहनोई विकास और रामपुर जनपद के टांडा थानाक्षेत्र के गांव मानकपुर बंजरिया निवासी मामा अजयपाल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पाकबड़ा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। उधर सोमवार की सुबह मैनाठेर थानाक्षेत्र में बाईपास मार्ग पर पुराना टोल प्लाजा के पास एक युवक घायल हालत में पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने उसे 10 बजकर 55 मिनट पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थीं। उपचार के दौरान दोपहर एक बजकर 26 मिनट पर युवक ने दम तोड़ दिया था। अस्पताल कर्मियों ने अज्ञात युवक के शव को मोर्चरी में रखवा कर पुलिस को सूचना दे दी थी।
मैनाठेर पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराने के लिए उसके फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिए थे। देर रात उमरी सब्जीपुर गांव निवासी विनीत ने राहुल के परिजनों को उसका फोटो दिखाया था। मंगलवार सुबह राहुल के तहेरे भाई दिनेश पुत्र सुखीराम और हुकुम सिंह पुत्र गुलाब सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त राहुल के रूप में की।
सिर में लगी गंभीर चोट से हुई मौत
– 35 वर्षीय राहुल की मौत हादसे में लगी चोटों के कारण हुई। सिर में लगी गंभीर चोट उसकी मौत का कारण बनी। इसके अलावा उसका दायां कंधा भी टूट गया था। घुटनों पर भी जख्म के निशान थे। माना जा रहा है कि राहुल किसी वाहन की चपेट में आकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटा था।
पत्नी के शव के तुरंत बाद हुआ राहुल का पोस्टमार्टम
– राहुल के शव पोस्टमार्टम पत्नी रानी के शव पोस्टमार्टम के तुरंत बाद हुआ। उसकी पत्नी रानी का पोस्टमार्टम नंबर 672 था। उसका पोस्टमार्टम सोमवार को हुआ था। जबकि मंगलवार को राहुल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उसका पोस्टमार्टम नंबर 673 था। इसे संयोग कहेंगे या कुछ और कि इस बीच किसी और शव का पोस्टमार्टम ही नहीं हुआ।
कहीं आत्मग्लानि में तो नहीं लगाया राहुल ने मौत को गले
जिला अस्पताल में गुमनामी में दम तोड़ने वाले राहुल ने कहीं आत्मग्लानी में तो मौत को गले नहीं लगाया। संभावना जताई जा रही है कि पत्नी को नृशंस तरीके से मौत के घाट उतारने के बाद हो सकता है कि उसे अपने किए पर पछतावा हुआ हो और उसने खुद ही किसी वाहन के आगे छलांग लगा दी हो। हालांकि यह राज राहुल की मौत के साथ ही दफन हो गया कि वह हादसे का शिकार हुआ या उसने खुद किसी वाहन के आगे छलांग लगाकर अपनी जान दी।
