बरेली: घर से भटकी बच्ची को ट्रैफिक पुलिस ने पहुंचाया घर
बरेली, अमृत विचार। ट्रैफिक पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी के साथ लगातार मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। मंगलवार को घर से भटक कर कुतुबखाना चौराहे पहुंची एक मासूम बच्ची को ट्रैफिक पुलिस ने डेढ़ घंटे तक उसके परिवार को तलाशने के बाद उनके सुपुर्द किया। बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर ट्रैफिक …
बरेली, अमृत विचार। ट्रैफिक पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी के साथ लगातार मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। मंगलवार को घर से भटक कर कुतुबखाना चौराहे पहुंची एक मासूम बच्ची को ट्रैफिक पुलिस ने डेढ़ घंटे तक उसके परिवार को तलाशने के बाद उनके सुपुर्द किया। बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर ट्रैफिक दरोगा ने एक दिव्यांग युवक को व्हीलचेयर पर बैठाकर उसे डेढ़ किलोमीटर का चौपुला पुल पार कराया था। वहीं सोमवार को स्कूल से भाग रही बच्ची को ट्रैफिक पुलिस से सकुशल बरामद किया था।
मुर्गा वाली सराय मोहल्ले में रहने वाले सादिक की ढाई साल की बेटी मंगलवार की सुबह खेलते हुए भटक कर कुतुबखाना चौराहा पहुंच गई। चौराहे पर तैनात एचसीपी कलुया खान ने देखा कि बच्ची सड़क किनारे खड़े होकर रो रही है। उन्होंने बच्ची को गोद में लेने के बाद उसके माता-पिता का नाम पूछा मगर बच्ची स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रही थी।
एचसीपी बच्ची को गोद में लेकर उसके परिवार वालों की तलाश में कई दुकानों पर घूमते रहे। मगर उसके परिवार वालों कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में रहने वाले अपने परिचतों के व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर बच्ची की पहचान कराने का प्रयास किया। इस दौरान एक परिचित ने बताया कि बच्ची मुर्गा वाली सराय में रहती है।
डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एचसीपी एक सिपाही के साथ बच्ची का घर तलाशते हुए मुर्गा वाली सराय पहुंचे और उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द किया। बच्ची के पिता सादिक ने बताया कि बेटी का नाम अजूबर है। वह पत्नी के साथ दवा लेने के लिए गए थे। इसी बीच बच्ची खेलते हुए भटक कर कुतुबखाना चौराहा पहुंच गई थी।
