भूपेन्द्र सरकार में 10 कैबिनेट समेत 24 मंत्रियों ने ली शपथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांधीनगर। गुजरात में मुख्यमंत्री परिवर्तन के बाद नवगठित भूपेन्द्र पटेल सरकार के मंत्रियों का बहुप्रतीक्षित शपथ ग्रहण समारोह आज यहां राजभवन में आयोजित किया गया जिसमें 10 कैबिनेट स्तर समेत कुल 24 मंत्रियों को राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। भाजपा के ‘नो-रिपीट’ यानी पूर्ववर्ती सरकार के एक भी मंत्री को …

गांधीनगर। गुजरात में मुख्यमंत्री परिवर्तन के बाद नवगठित भूपेन्द्र पटेल सरकार के मंत्रियों का बहुप्रतीक्षित शपथ ग्रहण समारोह आज यहां राजभवन में आयोजित किया गया जिसमें 10 कैबिनेट स्तर समेत कुल 24 मंत्रियों को राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।

भाजपा के ‘नो-रिपीट’ यानी पूर्ववर्ती सरकार के एक भी मंत्री को दोबारा मंत्री पद नहीं देने के फार्मूले के तहत विजय रूपाणी सरकार के किसी भी मंत्री को भूपेन्द्र पटेल सरकार मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गयी है। सारे मंत्री नए हैं। पिछली बार के उलट इस बार उप मुख्यमंत्री नहीं है और मंत्रिमंडल में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने का भी प्रयास किया गया है।

पूर्व में कांग्रेस से बग़ावत कर भाजपा का दामन थामने वाले कुछ चेहरों को भी मंत्री पद दिया गया है। पिछली सरकार में केवल एक ही महिला मंत्री थी जबकि इस बार दो महिलाओं को मंत्री बनाया गया है। दोनो राज्य मंत्री ही हैं। राजभवन में दोपहर डेढ़ बजे से आयोजित समारोह में आज ही विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा देने वाले राजेंद्र त्रिवेदी (विधानसभा क्षेत्र -रावपुरा) के साथ ही सबसे पहले सामूहिक रूप से कैबिनेट स्तर के मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले अन्य मंत्रियों में सर्वश्री जितेंद्र वाघानी (विस क्षेत्र -भावनगर ) , ऋषिकेश पटेल (विसनगर) , पूर्णेश मोदी (सूरत-पश्चिम), राघवजी भाई पटेल (जामनगर ग्राम्य) शामिल थे।

शपथ लेने वाले पांच अन्य कैबिनेट मंत्रियों में सर्वश्री कनु देसाई (पारडी) , अर्जुन चौहान (मेहमदाबाद), प्रदीप परमार (असारवा), नरेश पटेल (गणदेवी) और किरीट राणा (लिंबड़ी) शामिल थे। 10 कैबिनेट मंत्रियों के अलावा कुल 14 राज्य मंत्रियों ने भी शपथ ली जिनमे पांच स्वतंत्र प्रभार वाले थे। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ लेने वालों में सर्वश्री हर्ष संघवी (मजुरा), जगदीश पांचाल (निकोल) , ब्रिजेश मेरजा (मोरबी) , जीतू चौधरी (कपराड़ा) और श्रीमती मनीष वक़ील (वडोदरा शहर) शामिल थीं।

अन्य राज्य मंत्रियों और उनके विधानसभा क्षेत्रों के नाम इस प्रकार हैं- मुकेश पटेल (ओलपाड), श्रीमती निमिषा सुथार (मोरवा हड़फ) , अरविंद रैयानी (राजकोट-पूर्व), कुबेर डिंडोर (संतरामपुर) , कीर्तिसिंह वाघेला (कांकरेज), गजेंद्रसिंह परमार (प्रांतिज), राघव मकवाणा – (महुवा), विनोद मोरड़िया- (कतारगाम) , देवाभाई मालम ( केशोद)। पूर्ववर्ती विजय रूपाणी सरकार में एक उपमुख्यख्यमंत्री के अलावा 10 अन्य कैबिनेट मंत्री और 11 राज्य मंत्री शामिल थे।

उसमें केवल एक महिला मंत्री थीं। आज शाम पहली कैबिनेट बैठक होगी और मंत्रियों के विभागों का आवंटन होगा। शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री  रूपाणी, ‘रूष्ट’ बताये जा रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय मंत्री सह गुजरात भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, पार्टी के महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल भी उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें…

नितिन गडकरी बोले- दिल्ली को जाम से मुक्ति दिलाने पर खर्च होंगे 52 हजार करोड़

संबंधित समाचार