बरेली: बारिश से खुदी सड़कों पर कीचड़ व जलभराव से चलना हुआ दूभर
बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को बारिश होने से खुदी पड़ी सड़कों पर कीचड़ व जलभराव की वजह से काफी फिसलन हो गई। इस वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। इन दिनों स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और अमृत योजना के काम के साथ तमाम दूसरे प्रोजेक्ट के तहत सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के …
बरेली, अमृत विचार। गुरुवार को बारिश होने से खुदी पड़ी सड़कों पर कीचड़ व जलभराव की वजह से काफी फिसलन हो गई। इस वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। इन दिनों स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और अमृत योजना के काम के साथ तमाम दूसरे प्रोजेक्ट के तहत सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण के काम चल रहे हैं। इस वजह से निर्माण स्थलों पर बारिश की वजह से ज्यादा दिक्कत बढ़ गई है। व्यवस्था को परखने के लिए मेयर डा.उमेश गौतम ने संपवेल पंप का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
गुरुवार को पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही। बारिश के कारण शहर की जर्जर सड़कों पर गड्ढों में जलभराव और कीचड़ हो गया। पूरे दिन कई दोपहिया वाहन कीचड़ के कारण फिसल गए, कई लोग चोटिल भी हो गए। जल निगम सीवर ट्रंक लाइन का काम करा रहा है, कई सड़कों पर सीवर बिछाई जा चुकी है।
इसके अलावा नगर निगम, स्मार्ट सिटी, जलकल विभागों ने भी सड़कों को खोद रखा है। निचले इलाकों में जलभराव की संभावना को देखते हुए मेयर डॉ. उमेश गौतम ने हजियापुर, संजय नगर, डेलापीर के संपवेल पंप का निरीक्षण किया। मौके पर पंप चलते मिले। निचले इलाकों में जलभराव नहीं था, लेकिन सड़कों पर कीचड़ होने की वजह से लोग परेशान नजर आए।
उधर सिटी स्टेशन रोड, अलखनाथ मंदिर के पास रोड पर, स्टेडियम रोड, विकास भवन रोड, चौकी चौराहा से पटेल चौक तक रोड सहित दूसरी सड़कों पर चौड़ीकरण के साथ नाला निर्माण के काम चल रहे हैं। बारिश से यहां भी जबरदस्त कीचड़ फैल गया।
