सीतापुर: चाकू से गोदकर महिला की निर्मम हत्या, देवर ने वारदात को दिया अंजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। जिले के रामकोट इलाके में शुक्रवार की देर रात नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी की चाकुओं से गोद कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर थाने की पुलिस सहित सीओ मौके पर पहुंचे …

सीतापुर। जिले के रामकोट इलाके में शुक्रवार की देर रात नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी की चाकुओं से गोद कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर थाने की पुलिस सहित सीओ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। बताते हैं कि मृतका के पति की मौत हो चुकी है और अब वह अपने देवर के साथ पति-पत्नी के रूम में रहती थी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।

जिले के रामकोट इलाके के इंदरौली गांव निवासी 38 साल की सुमन के पति सेवक राम की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ रहती थी। इस बीच उसकी नजदीकियां उसके देवर शंकर से बढ़ गई थीं। पुलिस का दावा है कि सुमन व शंकर पति-पत्नी के रूप में रहते थे।

शुक्रवार की रात आपराधिक प्रवृत्ति का शंकर शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। जहां किसी बात को लेकर उसकी सुमन से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर शंकर ने चाकू से महिला पर वार कर दिया। ताबड़तोड़ चाकुओं के प्रहार से सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना अंजाम देकर आरोपी भाग निकला। घर में बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। यह सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब सुमन की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

खबर पाकर इंस्पेक्टर राजकुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। बाद में सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह भी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस सूत्रों का दावा है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर राजकुमार यादव का कहना है कि शंकर मृतका का देवर था, लेकिन दोनों ने शादी कर ली थी। आरोपी को जल्द ही पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।

महिला को चाकुओं से गोद कर मौत के घाट उतारने वाला आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूट कर आया था। वह चोरी के इल्जाम में जेल गया था। शराब का भी आदी था। सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वह कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूट कर आया था। उनका कहना है कि प्रथमदृष्टया यह घटना खाना बनाने के दौरान होना प्रतीत हो रही है। प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।

आरोपी से पीड़ित थी मृतका

कुछ जानकारों का कहना है कि मृतका आरोपी युवक से काफी परेशान थी। जिसके चलते वह कुछ दिनों से गांव के बाहर झोपड़ी डाल कर रहने लगी थी। मृतका की परेशानी का आलम यह था, कि उसने पुलिस से भी आरोपी की शिकायत की थी। सूत्र बताते हैं कि आरोपी से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से भी इंसाफ की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को अनदेखा कर दिया। उसे पुलिस से शिकायत में उसने खुद की जान का खतरा होना भी बताया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि पुलिस ऐसी शिकायतों से इंकार कर रही है।

संबंधित समाचार