बरेली: सीबीगंज में उद्यमी पर फैक्ट्री के सामने हमला, घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज में बेस्ट एक्सपोर्टर अवार्ड के लिए बरेली से चुने गए उद्यमी पर ओरिएंटल अरोमेटिक्स लिमिटेड फैक्ट्री के सामने जानलेवा हमला हो गया। ऑटो में बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कार से आगे चल रहे ड्राइवर व …

सीबीगंज, अमृत विचार। सीबीगंज में बेस्ट एक्सपोर्टर अवार्ड के लिए बरेली से चुने गए उद्यमी पर ओरिएंटल अरोमेटिक्स लिमिटेड फैक्ट्री के सामने जानलेवा हमला हो गया। ऑटो में बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कार से आगे चल रहे ड्राइवर व महिला सहयोगी को फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पीड़ित थाने पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है।

थाना बारादरी के सिंधु नगर के रहने वाले गौरव मित्तल की जौहरपुर सीबीगंज में एरोमैटिक एंड एलाइड केमिकल्स नाम से परफ्यूम बनाने की फैक्ट्री है। कभी-कभी गौरव मित्तल अपनी साइकिल चलाते हुए फैक्ट्री से अपने घर तक जाते हैं। शनिवार शाम भी गौरव करीब 6:30 बजे फैक्ट्री से साइकिल पर निकले और उनका ड्राइवर व महिला सहयोगी कार से घर की ओर निकल गए। इसी दौरान जीटीआई के पास काली मंदिर के पास पहुंचते ही एक ऑटो में सवार कुछ लोगों ने हाईवे पर साइड को लेकर बेवजह ही झगड़ा शुरू कर दिया।

वहां पर मौजूद लोगों ने उनका बचाव कर दिया। जिसके बाद ऑटो में सवार हमलावर आगे चले गए। गौरव फिर साइकिल लेकर आगे बढ़े तो करीब एक किलोमीटर बाद कैंफर फैक्ट्री पर पहुंचते ही उसी तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह साइकिल समेत रोड पर घसीटते हुए काफी दूर चले गए। जिससे उनके चहरे व पैर में गंभीर चोट आई हैं।

22 सितंबर को मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो की ओर से उद्यमी गौरव मित्तल को 22 सितंबर को बरेली से बेस्ट एक्सपोर्टर के अवार्ड के लिए चुना गया है। 22 सितंबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी को सम्मानित करने वाले हैं।

तीन दिन पहले अज्ञात नंबर से आया था फोन
उद्यमी ने बताया कि करीब तीन दिन पहले उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। जिसमें फोन करने वाले ने उन्हें बताया था कि कुछ दिन बाद उन पर हमला होने वाला है। इसलिए वह सतर्क रहें। उद्यमी ने अपने स्टाफ में इसकी चर्चा की थी। लेकिन उन्हें ऐसा अंदाजा नहीं था कि तीन दिन बाद ही उन पर जानलेवा हमला हो जाएगा।

2018 में भी हुआ था जानलेवा हमला
उद्यमी गौरव मित्तल ने बताया कि 2018 में भी सिंधु नगर स्थित घर के पास उन पर जानलेवा हमला किया गया था।जिसमें उन्हें गंभीर चोट आई थीं। उसमें बरेली के एक गुंडे का नाम प्रकाश में आया था।

सीबीगंज पुलिस की गस्त पर उठ रहे सवाल
आला अधिकारियों को निर्देश हैं कि शाम के समय थानेदार अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर रहेंगे। लेकिन शाम को हुए उद्यमी पर जानलेवा हमले के बाद पुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस रोड पर जगह-जगह लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। जिससे ऑटो की पहचान की जा सके।

घटना की तहरीर थाने में आई है। उद्यमी को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है। -कृष्ण वीर सिंह, इंस्पेक्टर सीबीगंज

संबंधित समाचार