रामपुर: मूढ़ापांडे के पास पलटने से बची पदमावत एक्सप्रेस
रामपुर, अमृत विचार। मूढ़ापांडे और दलपतपुर के बीच शुक्रवार की रात पदमावत एक्सप्रेस ट्रेन पलटने से बच गई। पटरी टूटी होने के कारण इंजन गुजरते ही तेज झटके लगे। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। झटके लगने से यात्रियों में खलबली मच गई। चालक और गार्ड ने अगले स्टेशन मूढ़ापांडे पर स्टेशन मास्टर …
रामपुर, अमृत विचार। मूढ़ापांडे और दलपतपुर के बीच शुक्रवार की रात पदमावत एक्सप्रेस ट्रेन पलटने से बच गई। पटरी टूटी होने के कारण इंजन गुजरते ही तेज झटके लगे। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। झटके लगने से यात्रियों में खलबली मच गई। चालक और गार्ड ने अगले स्टेशन मूढ़ापांडे पर स्टेशन मास्टर को मेमो देकर पटरी टूटी होने की सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल को सूचना दी गई। जिससे नौचंदी, शहीद और जनता एक्सप्रेस ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर ही रोक दिया गया। रात में ही जागल लगाकर पटरी ठीक की गई और करीब एक घंटे बाद 30 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेनों को निकाला जा सका।
शुक्रवार की रात करीब 11.48 बजे दिल्ली से प्रतापगढ़ को जाने वाली 04208 पदमावत एक्सप्रेस दलपतपुर और मूढापांडे के बीच डाउन लाइन के किलोमीटर 1389/14 के बीच से गुजरी तो इंजन को तेज झटका लगा। चालक ने स्पीड कम करते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे तेज झटके के साथ ट्रेन रुक गई। चालक ने पटरी पर जाकर देखा तो पटरी टूटी हुई थी।
अगले स्टेशन मूढ़ापांडे पर गार्ड ने मेमो देकर पटरी टूटे होने की सूचना स्टेशनमास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को अवगत कराया। तुरंच पीछे आ रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन को दलपतपुर पर ही रोक दिया गया। शहीद एक्सप्रेस को कटघर पर रोका गया। जबकि जनता एक्सप्रेस भी कटघर पर लाकर खड़ी कर दी गई। रात में ही सेक्शन इंजीनियर की टीम मौके पर पहुंची और टूटी हुई पटरी को जागल लगाकर ठीक किया गया। करीब एक घंटे के बाद ट्रेनों को 30 किलोमीटर की रफ्तार से निकाला जा सका। सेक्शन इंजीनियर की टीम पूरी रात मौके पर निगरानी करती रही। सुबह एक घंटे का ब्लाक लेकर टूटी हुई पटरी को बदलकर ट्रेन संचालन को ठीक किया गया।
पटरी टूटने से लखनऊ मेल समेत कई ट्रेनें प्रभावित
दलपतपुर और मूढ़ापांडे के बीट पटरी टूटने से डाउन लाइन की लखनऊ मेल वीआईपी ट्रेन भी प्रभावित हुई। इसके साथ ही दून एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्स्प्रेस ट्रेनों के साथ सुबह तक की ट्रेनें देरी से गुजरती रहीं। सेक्शन इंजीनियर टीम ने बताया कि पटरी बदलकर यातायात को सही कर दिया गया है।
